कोलकाता। विपक्षी पार्टियों के गठबंधन ‘इंडिया’ में अभी सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है और उससे पहले गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने अपने राज्य में गठबंधन नहीं करने का ऐलान किया है। उन्होंने कांग्रेस से नाराजगी जाहिर करते हुए कहा है कि वे अकेले लोकसभा का चुनाव लड़ेंगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा है कि वे ‘इंडिया’ में ही रहेंगी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर ममता बनर्जी ने कहा कि कांग्रेस ने उनको इसकी सूचना नहीं दी।
ममता ने बुधवार को कहा- पश्चिम बंगाल में सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस ने मेरा प्रस्ताव ठुकरा दिया। हम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेंगे। गौरतलब है कि उन्होंने कांग्रेस को दो सीटों का प्रस्ताव दिया था, जबकि कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए बंगाल में 10 से 12 सीटों की मांग कर रही थी। ममता ने कांग्रेस को वही दो सीटें देने की बात कही थी, जिन पर पिछली बार कांग्रेस जीती थी। दूसरी ओर कांग्रेस का मानना है कि आधा दर्जन सीटों पर कांग्रेस अकेले भी मजबूती से लड़ सकती है। तभी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ममता की दया पर नहीं लड़ेगी, बल्कि अपने दम पर लड़ेगी।
बहरहाल, ममता ने बुधवार को हावड़ा में मीडिया से कहा- मेरी कांग्रेस से कोई चर्चा नहीं हुई है। मैंने हमेशा कहा है कि बंगाल में हम अकेले लड़ेंगे। मुझे इस बात की बिल्कुल चिंता नहीं है कि देश में क्या होगा, लेकिन हम सेकुलर पार्टी हैं और बंगाल में हम अकेले भाजपा को हराएंगे। उन्होंने कहा- मैं अब भी ‘इंडिया’ का हिस्सा हूं। ममता बनर्जी ने कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर कहा- 25 जनवरी को राहुल गांधी की न्याय यात्रा हमारे राज्य से गुजर रही है, लेकिन हमें इसके बारे में बताया तक नहीं गया। हमें यात्रा से जुड़ने के लिए नहीं बोला गया है, इसलिए हम इसमें शामिल नहीं होंगे।
ममता के इस ऐलान के बाद कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा- ममता बनर्जी ने कहा था कि हम भाजपा को हराना चाहते हैं और हम इसके लिए कुछ भी करेंगे। राहुल गांधी भी साफ कर चुके हैं कि ममता बनर्जी गठबंधन के मजबूत स्तंभ हैं। उनके बिना गठबंधन की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। ‘इंडिय’ बंगाल में मिलकर चुनाव लड़ेगी। रमेश ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा में तृणमूल कांग्रेस को निमंत्रण नहीं मिलने की बात पर कहा- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कई बार कह चुके हैं कि गठबंधन की सभी पार्टियां भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित हैं। कांग्रेस पार्टी यात्रा में ममता जी का स्वागत करेगी। बाद में बताया गया है कि खड़गे और राहुल गांधी दोनों ने अलग अलग ममता बनर्जी को न्योता भेजा है। उनको ई-मेल से भी न्योता भी भेजा गया है और हार्ड कॉपी की पहुंचाई गई है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



