नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से फोन पर बात की। मोदी ने उनके साथ पश्चिम एशिया की स्थिति सहित कई मुद्दों पर चर्चा की। गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में इजराइल और हमास की जंग की वजह से तनाव की स्थिति है। इस हमले में अब तक 10 हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। सात अक्टूबर से दोनों के बीच जंग चल रही है। ऐसे में यूएई के राष्ट्रपति से मोदी की बातचीत अहम मानी जा रही है।
बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा- पश्चिम एशिया की स्थिति पर मेरे भाई संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ अच्छी बातचीत हुई। हम आतंकवाद, बिगड़ती सुरक्षा स्थिति और नागरिकों की जान के नुकसान पर गहरी चिंता साझा करते हैं। उन्होंने लिखा- हम सुरक्षा और मानवीय स्थिति के जल्द समाधान की जरूरत पर पर सहमत हैं और यह कि टिकाऊ क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता सभी के हित में है। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी के ढांचे के भीतर विभिन्न क्षेत्रों में दोपक्षीय सहयोग को मजबूत करना जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



