वॉशिंगटन। अमेरिका के 21 सांसदों ने बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चिट्ठी लिख कर भारत के साथ रिश्ते ठीक करने की मांग की है। यह चिट्ठी सांसद डेबोरा रॉस और रो खन्ना ने मिल कर आठ अक्टूबर को भेजी। उन्होंने कहा कि भारत से आने वाले सामान पर भारी टैरिफ लगाने से दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के साथ अमेरिका की दोस्ती को नुकसान हो रहा है। इससे दोनों देशों को परेशानी हो रही है।
सांसदों ने अपनी चिट्ठी में चेतावनी दी कि अगर टैरिफ बढ़ता रहा, तो अमेरिकी लोगों को महंगा सामान खरीदना पड़ेगा और कंपनियों को नुकसान होगा। इससे भारत और अमेरिका की दोस्ती को खतरा हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप के इस कदम से भारत, चीन और रूस के करीब जा सकता है।
चिट्ठी में कहा गया कि भारत अमेरिका का अहम व्यापारिक साझीदार और दोस्त है। अमेरिकी कंपनियां भारत से इलेक्ट्रॉनिक्स, दवाइयां और ऊर्जा जैसी चीजें लेती हैं। इसके अलावा भारत में निवेश करने से अमेरिकी कंपनियों को वहां के बड़े बाजार में फायदा होता है। साथ ही, भारत के अमेरिका में निवेश से यहां नौकरियां बढ़ रही हैं। सांसदों ने कहा है कि भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाना भारतीय कंपनियों और अमेरिकी लोगों, दोनों के लिए नुकसानदेह हैं।