नई दिल्ली। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अमेरिका में दिए बयानों पर निशाना साधा है। तीन दिन के अमेरिका दौरे पर गए राहुल गांधी ने आरक्षण को लेकर एक टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि जब भारत में भेदभाव खत्म हो जाएगा और सबको समानता का अवसर मिलेगा तब आरक्षण खत्म हो जाएगा। उनके इस बयान पर कई दिन से विवाद चल रहा है। इसी पर उप राष्ट्रपति ने भी टिप्पणी की है।
संसद भवन में गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में धनखड़ ने कहा कि देश के बाहर रहने वाले हर भारतीय को इस राष्ट्र का राजदूत बनना होगा। उन्होंने कहा- मुझे इस बात का दुख और परेशानी है कि पद पर बैठे कुछ लोगों को भारत के बारे में कुछ पता नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा- यह कितना दुखद है कि संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति इसके ठीक विपरीत काम कर रहा है। इससे अधिक निंदनीय, घृणित और असहनीय कुछ भी नहीं हो सकता कि आप राष्ट्र के दुश्मनों का हिस्सा बन जाएं।
उप राष्ट्रपति ने कहा कि कुछ लोग स्वतंत्रता के मूल्य को नहीं समझते हैं। वे यह नहीं समझते हैं कि इस देश की सभ्यता पांच हजार साल पुरानी है। उन्होंने कहा- हमारे देश का संविधान पवित्र है। कुछ लोग हमारे देश को विभाजित करना चाहते हैं। यह चरम अज्ञानता है। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने अमेरिका यात्रा में सिखों को लेकर एक बयान दिया था और उस पर देश में विरोध प्रदर्शन हुए हैं। साथ ही अमेरिकी कांग्रेस की भारत विरोधी मानी जाने वाली सदस्य इल्हान उमर और राजनयिक डेनियल ल्यू से उनकी मुलाकात पर भी सवाल उठे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: UNI


