नई दिल्ली। भारत की ओलंपियन रेसलर और कांग्रेस पार्टी की विधायक विनेश फोगाट एशियाई खेलों के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाईं। बड़े कानूनी विवाद के बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उनको क्वालिफाइंग मुकाबले में ट्रायल का मौका दिया गया था। वे शनिवार को एशियन गेम्स ट्रायल का सेमीफाइनल मैच हार गईं। 53 किलो की श्रेणी में लगातार दो बाउट जीतने के बाद उन्हें जींद की मीनाक्षी गोयत ने हराया। विनेश अब एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाएंगी।
हार के बाद विनेश ने कहा, ‘मैं पूरे सिस्टम के खिलाफ लड़ रही थी। एक तरफ मैं थी और दूसरी तरफ सभी लोग थे। मैं फिर वापसी करूंगी’। गौरतलब है कि रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया यानी डब्लुएफआई ने एंटी डोपिंग नियमों का हवाला देते हुए फोगाट को 26 जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेने से रोक दिया था। विनेश ने इसके खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका लगाई थी। हाई कोर्ट ने विनेश के पक्ष में फैसला सुनाया था।
इसके बाद कुश्ती महासंघ ने उनका ट्रायल रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अर्जी लगाई थी। सुप्रीम कोर्ट ने भी उनको मंजूरी देते हुए कहा, ‘विनेश शानदार रेसलर हैं, उन्होंने देश को गर्व महसूस कराया। विनेश को एशियन गेम्स 2026 के चयन ट्रायल में भाग लेने की अनुमति दी जाती है’। बहरहाल, हारने के बाद विनेश भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा, ‘हार को अपनी असफलता नहीं मानती। मैं फेल नहीं हुई हूं। मैं फिर वापसी करूंगी। मेरा संघर्ष अभी खत्म नहीं हुआ है और भविष्य में फिर से खुद को साबित करने के लिए मैट पर लौटूंगी’।


