जयपुर। राजस्थान के भिवाड़ी की एक केमिकल फैक्टरी में हुए धमाके और आग लगने की घटना में एक दर्जन से ज्यादा मजदूर बुरी तरह से झुलस गए, जिसमें आठ मजदूरों की मौत हो गई। चार मजदूर गंभीर से घायल हुए हैं। उन्हें दिल्ली के एम्स में इलाज के लिए भेजा गया है। जिन मजदूरों की मौत हुई है उनका पहचान मुश्किल है क्योंकि शव पूरी तरह से झुलस गए हैं। कई मजदूरों के तो सिर्फ कंकाल मिले हैं, जबकि उनके शरीऱ के हिस्से इधर उधर बिखरे मिले। बचाव टीम ने इन टुकड़ों को पॉलीथीन में थैलियों में इकट्ठा किया।
यह हादसा भिवाड़ी के खुशखेड़ा कारौली इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। पुलिस ने इस सिलसिले में दो एफआईआर दर्ज की है। इसके बाद फैक्टरी के मैनेजर अभिनंदन को हिरासत में ले लिया गया है। साथ ही फैक्टरी को सील कर दिया गया है। जिले के एसपी मनीष कुमार ने बताया कि मरने वालों के परिजनों की ओर से फैक्टरी मालिक और जो फैक्टरी चला रहा था, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
इस हादसे में बिहार के मोतीहारी के सुजंत, मिंटू, अजीत, रवि के साथ साथ चंपारण जिले के रहने वाले श्याम और अमरेश की मौत हो गई। एक अन्य मजदूर कहां का रहने वाला यह पता नहीं चल पाया है। बताया गया है कि डीएनए जांच और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। बताया गया है कि इस फैक्टरी में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। मौके से बारूद, पटाखे और पैकिंग के डिब्बे मिले हैं। घटना के समय करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



