नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से जुड़े मामले में सुनवाई से इनकार कर दिया है। सर्वोच्च अदालत ने याचिकाकर्ताओं से हाई कोर्ट में अपील करने को कहा है। गौरतलब है कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की एक वीडियो पिछले दिनों वायरल हुए था, जिसमें वे मुस्लिम दिखने वाले दो लोगों पर गोली चला रहे थे। इस पर कार्रवाई की मांग करने वाली याचिका सोमवार को अदालत के सामने लाई गई पर अदालत ने सुनवाई से इनकार कर दिया।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली की बेंच ने याचिकाकर्ताओं से गुवाहाटी हाई कोर्ट जाने को कहा। इसके साथ ही कोर्ट ने कहा कि चुनाव से पहले कोर्ट का दरवाजा खटखटाना एक ट्रेंड बन गया है। अदालत ने कहा कि कोर्ट को प्लेग्राउंड मत बनाइए। असम विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कोर्ट ने कहा कि समस्या यह है कि चुनाव का एक हिस्सा उससे पहले लड़ा जाता है, जो कि ठीक नहीं है।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के सामने हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ तीन याचिकाएं सुनवाई के लिए लाई गई थीं। इनमें से दो याचिकाएं सीपीएम और सीपीआई ने लगाई थी। तीसरी याचिका असम के चार लोगों ने मिलकर दायर की थीं। याचिकाकर्ताओं के वकील अभिषेक सिंघवी ने कहा कि यह मामला संविधान के बुनियादी स्तंभों को प्रभावित करेगा। इस पर अदालत ने कहा कि यह काम हाई कोर्ट भी कर सकता है। सिंघवी ने इस मामले की एसआईटी जांच की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि वे कई मिसाल दे सकते हैं, जब ऐसे मामलों में सीधे सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की है। लेकिन अदालत ने उन्हें हाई कोर्ट जाने को कहा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



