अफगानिस्तान के तालिबान प्रशासन ने रूस से पेट्रोलियम उत्पाद खरीदने और देश में छोटी तेल रिफाइनरियों के निर्माण के साथ-साथ खनन क्षेत्र में निवेश करने का आग्रह किया है।
यह मांग यहां पहुंचे रूस के उप प्रधानमंत्री एलेक्सी ओवरचुक के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल की काबुल यात्रा के दौरान की गयी। स्थानीय मीडिया के अनुसार दोनों देशों के बीच 10.3 करोड़ अमेरिकी डॉलर वाले 15 आर्थिक समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।
श्री ओवरचुक के साथ आए रूस चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में अफगानिस्तान सहयोग व्यापार परिषद के प्रमुख दिमित्री एंटोनोव ने कहा कि तालिबान प्रशासन रूसी पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुनिश्चित करने और अफगानिस्तान में छोटी तेल रिफाइनरियों के निर्माण में मॉस्को का सहयोग चाहता है। उन्होंने रूसी कंपनियों से अफगानिस्तान के खनन उद्योग में निवेश करने का आह्वान करते हुए कहा कि तालिबान ने धातुओं के खनन के लिए रूसी कंपनियों को आमंत्रित किया है, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार संतुलन बनाने में मदद मिलेगी।
तालिबान के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने घोषणा की कि अफगानिस्तान और रूस के वाणिज्य मंडलों तथा दोनों देशों की कई निजी कंपनियों के बीच आर्थिक सहयोग से जुड़े 15 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
इससे पहले गुरुवार (12 नवंबर) को काबुल हवाई अड्डे पर तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने रूसी उप प्रधानमंत्री एलेक्सी ओवरचुक और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इसके बाद श्री ओवरचुक ने राष्ट्रपति भवन में तालिबान के आर्थिक मामलों के उप प्रधानमंत्री मुल्ला अब्दुल गनी बरादर से मुलाकात की।
Also Read : ‘दुनिया कुछ भी कहे, अपने सपनों पर विश्वास रखें’: कार्तिक आर्यन
तालिबान के राष्ट्रपति भवन के जारी बयान के अनुसार, सर्वश्री बरादर और ओवरचुक के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंधों के विस्तार, संयुक्त निवेश बढ़ाने और व्यापार को सुगम बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। श्री बरादर ने अफगानिस्तान की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक संसाधनों और 2.4 करोड़ कामकाजी आबादी का हवाला देते हुए रूसी कंपनियों को खनिज संसाधनों के दोहन में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
इसके अतिरिक्त, श्री बरादर ने अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले औद्योगिक पार्क स्थापित करने, विशेष अस्पतालों के निर्माण, मौजूदा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और दवाओं और चिकित्सा उपकरणों के उत्पादन के लिए कारखाने लगाने में सहयोग का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में रूस को चिलगोजा, अंजीर, केसर, अंगूर, अनार और कपास जैसे कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ाने की अपार क्षमता है। साथ ही उन्होंने कृषि और पशुपालन में भी रूसी निवेश का स्वागत किया।
रूसी उप प्रधानमंत्री ओवरचुक ने बताया कि वर्ष 2026 के पहले आठ महीनों में रूस और अफगानिस्तान के बीच व्यापार लगभग 35 करोड़ अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में दोगुना है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रूस में अफगान फलों और सब्जियों का आयात शुरू हो चुका है।
उल्लेखनीय है कि एक जुलाई 2025 को रूस तालिबान सरकार को मान्यता देने वाला दुनिया का पहला देश बना था, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक और आर्थिक संपर्क लगातार बढ़ रहे हैं।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



