नई दिल्ली। रूस के साथ चार साल से ज्यादा समय से युद्ध लड़ रहे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और ईरान, लेबनान सहित कई मोर्चों पर लगातार संघर्ष में उलझे इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिका पहुंचे हैं। भारतीय समय के मुताबिक मंगलवार की देर रात को दोनों की मुलाकात राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से होने वाली है। बताया जा रहा है कि इन दोनों मुलाकातों में यूरोप और पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर अहम फैसले हो सकते हैं।
गौरतलब है कि रूस लगातार यूक्रेन पर हमले तेज कर रहा है तो दूसरी ओर ट्रंप के दूत रूस और यूक्रेन के बीच युद्धविराम की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे समय में जेलेंस्की की ट्रंप से मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि जेलेंस्की अमेरिका से पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइलें और उनके उत्पादन में सहयोग मांगेंगे। जेलेंस्की का कहना है कि यूक्रेन की हवाई सुरक्षा मजबूत करने के लिए इन मिसाइलों की तुरंत जरूरत है।
दूसरी ओर नेतन्याहू को लेकर कहा जा रहा है कि ईरान के साथ युद्धविराम को लेकर ट्रंप से उनकी बात हो सकती है। असल में 17 जून के युद्धविराम को समाप्त करके अमेरिका ने जुलाई में करीब दो हफ्ते तक ईरान पर भारी बमबारी की है। लेकिन अब फिर युद्ध थमा है। इस युद्ध से पूरी दुनिया में ऊर्जा सुरक्षा प्रभावित हुई है। ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज की खाड़ी को लेकर जारी तनाव के बीच ओमान ने एक नया प्रस्ताव दिया है। बताया जा रहा है कि ओमान चाहता है कि होर्मुज की खाड़ी का नियंत्रण सिर्फ ईरान के साथ नहीं रहे, बल्कि दोनों देश मिल कर इसका प्रंबधन करें।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


