राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सत्ता में नहीं, फिर भी बेस्टसेलर!

सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ का हल्ला है। स्वाभाविक है। आखिर पुस्तक छपने से पहले ही प्रकाशक पेंगुइन की टालमटोल से विवाद हुआ। बात टूटी तो दूसरे प्रकाशक ने मौका लपका। सो दस नवंबर को किताब रिलीज हुई तो अगले दिन वह अमेजन इंडिया की बेस्टसेलर सूची में पहले स्थान पर! फिर भाजपा ने आगे सोचा न पीछे और किताब पर कांग्रेस के काले इतिहास को सफेद करने का आरोप लगाया। और लोग किताब खरीदने की कतार में लग गए। नरेंद्र मोदी बतौर प्रधानमंत्री बारह वर्ष से राज कर रहे हैं। अपने को प्रचारित करने के हर संभव काम किए लेकिन क्या कभी नरेंद्र मोदी को पढ़ने के लिए उन पर लिखी किताबों के लिए वह कतार लगी जो सोनिया गांधी को पढ़ने के लिए लगी हुई है।

सवाल है, ऐसा कौतुक क्यों? सोनिया गांधी कोई अनजानी कहानी नहीं हैं। उनके जीवन की प्रमुख घटनाएँ दशकों से सार्वजनिक हैं। फिर भी उनके बारे में और जानने की उत्सुकता! किताब का छपना स्वयं एक अंतरराष्ट्रीय घटना है। अमेरिका में अल्फ्रेड ए. नॉफ, ब्रिटेन में विलियम कॉलिन्स और भारत में हार्परकॉलिन्स ने इसे प्रकाशित किया। न्यूयॉर्क टाइम्स, गार्डियन और दूसरे अंतरराष्ट्रीय मीडिया में इंटरव्यू, खबरें और चर्चाएँ है।

जाहिर है, मसला सिर्फ सोनिया गांधी का नहीं है। उस परिवार और खानदान का भी है, जो मोदीराज के कंट्रास्ट में आज बौद्धिक जमात में नई स्मृतियों के साथ है। और जिन्हें मिटाने, बदनाम करने के लिए संघ परिवार ने चौदह वर्षों में दिन-रात एक किया है।

मुझे अमित शाह की वह राजनीतिक सोच याद आती है जिसमें कांग्रेस-मुक्त भारत का नारा था। इसके लिए बाकी सभी रंग मिटाकर भारत को इकरंगा, भगवा रंग में रंगने के लिए शर्मनाक टोने-टोटके आजमाए गए। भले वह ईडी हो, सोनिया गांधी, राहुल गांधी को जेल में डालने की सोच के आरोप हों या राहुल गांधी को पप्पू करार देकर राजनीति से उनका बोरिया-बिस्तर बँधवाने का हो।

इस सबके बावजूद प्रमाणित क्या है? स्वतंत्र भारत और समकालीन राजनीति में नेहरू-गांधी परिवार की धुरी वैसे ही अमिट है जैसे इस परिवार से बना आइडिया ऑफ इंडिया है। वजह सोनिया-राहुल का करिश्मा नहीं है बल्कि उस नेहरू परिवार की विरासत का है जिसके निर्वहन, जिसे संभाले रखने, पीढ़ीगत आगे बढ़ाने में इटली में जन्मी सोनिया गांधी का योगदान जगजाहिर है। उसमें बतौर बहू, पत्नी, माँ, विरासत की उत्तराधिकारी, कांग्रेस इतिहास की सर्वाधिक लंबी अध्यक्षता का रिकॉर्ड है तो यूपीए सरकार के गठन से लेकर मोदी सरकार का सामना करने जैसे पहलू भी हैं। जब इतने पहलू हो तो उत्सुकता अपने आप बनती है। इसलिए पुस्तक का शीर्षक ‘Belonging’, यानी अपनापन या जुड़ाव, पाठकों के लिए भी अर्थपूर्ण है।

एक और विचारणीय पहलू। स्वतंत्र भारत की राजनीति में नेहरू–गांधी परिवार का स्थान केवल चुनावी जीत-हार से निर्धारित नहीं है। उसकी विरासत आधुनिक भारत के विचार, स्वतंत्रता आंदोलन की स्मृति, लोकतांत्रिक संस्थाओं और कांग्रेस के इतिहास से जुड़ी रही है। विरासत असंख्य विवादों से भरी हुई है। पर इसके कारण भी परिवार की कहानी सत्ता में रहने और सत्ता से बाहर होने, दोनों स्थितियों में पढ़ने लायक होती है।

सवाल है, आनंद भवन से तीन मूर्ति भवन और फिर सोनिया–राहुल के घर तक ऐसा क्या है कि हर पीढ़ी के बारे में पढ़ने की उत्सुकता बनी रही? क्या यह प्रोपेगेंडा विशेष से है? क्या सब आइडिया ऑफ इंडिया से पोषित लुटियंस दिल्ली या नए जुमले ‘खान मार्केट’ की बदौलत है? फालतू बात है। असल बात यह है कि परिवार की सत्ता के साथ समकालीन इतिहास इतना गुँथा हुआ, रचा-बसा हुआ है कि और कुछ टिक ही नहीं पाता।

मोदी राज में सावरकर की किताब हिट हुई मगर उसकी छाप, उसके बाईप्रॉडक्ट कौन हैं? नेहरू के आगे सावरकर का आइडिया ऑफ हिंदू इंडिया लोगों के लिए हमेशा मानो गुमशुदा खजाना रहा, असली रामराज्य माना जाता रहा। मगर उसका अवसर आने पर सामने क्या है? नरेंद्र मोदी और वे मोहन भागवत, वह परिवार है जो अपने भक्तों में भी पठनीय नहीं है, केवल भक्ति-कीर्तन के शो के ये मात्र चेहरे हैं।

संघ परिवार का न अपने पर लिखा हुआ कुछ पठनीय है और न न पर स्वतंत्र लेखकों या बौद्धिक समुदाय का लिखा विशेष है। जवाहरलाल ने स्वयं आत्मकथा लिखी। ‘भारत की खोज’ लिखी, बेटी को पत्र लिखे, जेल से विश्व इतिहास समझाया। उनके चयनित लेखन के सौ से अधिक खंड हैं। उनकी जीवनियाँ एस. गोपाल, माइकल ब्रेचर और स्टैनली वोलपर्ट आदि की लिखी हुई हैं। इंदिरा पर डॉम मोरेस, पुपुल जयकर और कैथरीन फ्रैंक ने लिखा। राजीव और सोनिया पर भी अनेक पुस्तकें आईं। मित्रों ने लिखा। विरोधियों ने लिखा। निजी सचिवों ने संस्मरण लिखे। विदेशी इतिहासकारों और पत्रकारों ने पड़ताल की। आनंद भवन और तीन मूर्ति भवन स्मृति तथा शोध के केंद्र बन गए।

सोनिया की आत्मकथा उसी जिज्ञासा का एक और पड़ाव है। इसलिए परिवार के अपने लेखन ने उसे जहाँ मानवीय बनाया वहीं स्मारकों और अभिलेखों से स्मृति को सुरक्षित भी रखवाया। राजनीति और विरोधियों ने चाहे जो बवाल बनाए हुए हों लेकिन परिवार का तिलिस्म कायम है। और उसकी अब एक मिसाल राहुल गांधी का चेहरा भी है। सोनिया गांधी को भी जानने-समझने की उत्सुकता रही है तो राहुल गांधी भी आज राजनीति, सार्वजनिक जीवन में यह कौतुकता बनाए हुए हैं कि आखिर वे हैं क्या? जीवन कैसे जी रहे है? चाहते क्या हैं?

By हरिशंकर व्यास

मौलिक चिंतक-बेबाक लेखक और पत्रकार। नया इंडिया समाचारपत्र के संस्थापक-संपादक। सन् 1976 से लगातार सक्रिय और बहुप्रयोगी संपादक। ‘जनसत्ता’ में संपादन-लेखन के वक्त 1983 में शुरू किया राजनैतिक खुलासे का ‘गपशप’ कॉलम ‘जनसत्ता’, ‘पंजाब केसरी’, ‘द पॉयनियर’ आदि से ‘नया इंडिया’ तक का सफर करते हुए अब चालीस वर्षों से अधिक का है। नई सदी के पहले दशक में ईटीवी चैनल पर ‘सेंट्रल हॉल’ प्रोग्राम की प्रस्तुति। सप्ताह में पांच दिन नियमित प्रसारित। प्रोग्राम कोई नौ वर्ष चला! आजाद भारत के 14 में से 11 प्रधानमंत्रियों की सरकारों की बारीकी-बेबाकी से पडताल व विश्लेषण में वह सिद्धहस्तता जो देश की अन्य भाषाओं के पत्रकारों सुधी अंग्रेजीदा संपादकों-विचारकों में भी लोकप्रिय और पठनीय। जैसे कि लेखक-संपादक अरूण शौरी की अंग्रेजी में हरिशंकर व्यास के लेखन पर जाहिर यह भावाव्यक्ति -

Leave a comment