राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

भारत में विदेशी पर्यटक घट रहे हैं!

यह हैरान करने वाली बात है कि भारत में विदेशी पर्यटकों का आना कम हो रहा है। एक तरफ दुनिया में पर्यटन बढ़ रहा है पूर्वी एशियाई और दक्षिण पूर्वी एशियाई देशों में पर्यटकों की संख्या में इजाफा हो रहा है लेकिन भारत में उनकी संख्या घट रही है। वैसे पहले ही उन छोटे छोटे देशों के मुकाबले भारत में पर्यटकों की संख्या कम है। इस बात के जिक्र करने का तात्कालिक संदर्भ यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आसियान देशों के सम्मेलन में हिस्सा लेने फिलिपींस की राजधानी मनीला गए थो उन्होंने कहा कि वे आसियान देशों के लिए वीजा की शर्तों आसान कर रहे हैं या समाप्त कर रहे हैं। लेकिन सवाल है कि क्या इससे आसियान देशों के लोग भारत आने लगेंगे?

इस सवाल पर विचार करने से पहले कुछ आंकड़ों पर नजर डालने की जरुरत है। भारत के अपने आंकड़ों के मुताबिक इस साल जनवरी से लेकर अगस्त तक आठ महीने में करीब 58 लाख विदेशी पर्यटक भारत आए। इनमें प्रवासी भारतीयों को नहीं शामिल किया जाता है। ये विशुद्ध विदेशी पर्यटक हैं। पिछले यानी 2025 के पूरे साल में 91 लाख पर्यटक भारत आए थे। तभी यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस साल भी 12 महीने में 90 लाख के करीब पर्यटक आएंगें। भारत सरकार के अपने आंकड़ों के मुताबिक 2017, 2018 और 2019 में तीन साल ऐसे रहे, जब भारत में विदेशी पर्यटकों की संख्या एक करोड़ से ज्यादा रही। उसके बाद समझ में आता है कि कोरोना के कारण पर्यटन में पूरी दुनिया में गिरावट आई। परंतु 2022 से जब फिर पर्यटन बढ़ा और बहुत ज्यादा बढ़ तब भी भारत में इसमें क्यों नहीं बढ़ोतरी हुई?

इसका मुख्य कारण भारत की गंदगी, वायु प्रदूषण, पर्यटकों की सुरक्षा और नागरिकों का बरताव है। भारत में साल दर साल हवा प्रदूषित होती जा रही है। आंकड़ों की चाहे जैसी बाजीगरी हो, हकीकत नहीं बदलती है। इन दिनों यह खेल चल रहा है कि वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई कम करके बताओ। यह भी खेल चल रहा है कि दिल्ली मेंजो 59 मॉनिटरिंग सेंटर बने हैं वहां पर पानी के छिड़काव की व्यवस्था कर दी गई है। इससे म़ॉनिटरिंग में प्रदूषण का आंकड़ा कम आता है। लेकिन विदेशी पर्यटक इस बात को जानते हैं। इसलिए कोरोना के बाद भी भारत में पर्यटन उस अंदाज में नहीं बढ़ा, जैसे पूरी दुनिया में बढ़ा। राजधानी दिल्ली दुनिया की सबसे प्रदूषित शहर है। स्विस एजेंसी एयरएक्यू के मुताबिक दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 शहर भारत के हैं। ऐसे में कौन भारत घूमने आएगा? ध्यान रहे विदेशी पर्यटकों के भारत आने का सबसे आदर्श समय दिसंबर से लेकर मार्च तक का होता है। लेकिन नवंबर से लेकर फरवरी तक तो दिल्ली और देश के दूसरे शहर गैस चैम्बर बन जाते हैं। फिर कोई क्यों घूमने आएगा?

अब एशिया के छोटे छोटे देशों के साथ तुलना करें तो और निराश करने वाली तस्वीर आती है। सोचें, पूरे 2025 में भारत में सिर्फ 91 लाख विदेशी पर्यटक आए। इसी अवधि में यानी 2025 में मलेशिया में चार करोड़ 22 लाख पर्यटक पहुंचे। भारत के मुकाबले साढ़े चार गुने से भी अधिक। इसी मलेशिया ने भारतीय को मिलने वाला वीजा फ्री एक्सेस समाप्त करने का फैसला किया है। सोचें, यह कितने शर्म की बात है कि अभी तक मलेशिया जाने वाले भारतीयों को फ्री एक्सेस था। उन्हें वीजा की जरुरत नहीं थी। जाने से तीन दिन पहले उनको अपनी जानकारी पोर्टल पर अपडेट करनी होती थी। लेकिन मलेशिया ने प्रधानमंत्री मोदी के आसियान से लौटने के एक दिन बाद ही फैसला किया कि एक जनवरी 2027 से भारतीयों को मलेशिया जाने के लिए वीजा लेना होगा। सोचें, एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी आसियान देशों के लिए वीजा खत्म करने की बात कर रहे हैं तो दूसरी एक देश ने वीजा बहाल करने का फैसला किया है।

बहरहाल, भारत के एक साल में 91 लाख पर्यटकों के मुकाबले जापान में पिछले साल साढ़े तीन करोड़ पर्यटक घूमने पहुंचे। थाईलैंड जैसे छोटे से देश में तीन करोड़ 30 लाख विदेशी पर्यटक पहुंचे। वियतनाम में दो करोड़ 12 लाख विदेशी पर्यटतक पहुंचे। यह भी भारत से दोगुने से ज्यादा था। सिंगापुर में एक करोड़ 70  लाख विदेशी पर्यटक पिछले साल घूमने गए। इनके मुकाबले भारत जैसा विशाल देश एक करोड़ विदेशी पर्यटक के लिए तरस रहा है।

By हरिशंकर व्यास

मौलिक चिंतक-बेबाक लेखक और पत्रकार। नया इंडिया समाचारपत्र के संस्थापक-संपादक। सन् 1976 से लगातार सक्रिय और बहुप्रयोगी संपादक। ‘जनसत्ता’ में संपादन-लेखन के वक्त 1983 में शुरू किया राजनैतिक खुलासे का ‘गपशप’ कॉलम ‘जनसत्ता’, ‘पंजाब केसरी’, ‘द पॉयनियर’ आदि से ‘नया इंडिया’ तक का सफर करते हुए अब चालीस वर्षों से अधिक का है। नई सदी के पहले दशक में ईटीवी चैनल पर ‘सेंट्रल हॉल’ प्रोग्राम की प्रस्तुति। सप्ताह में पांच दिन नियमित प्रसारित। प्रोग्राम कोई नौ वर्ष चला! आजाद भारत के 14 में से 11 प्रधानमंत्रियों की सरकारों की बारीकी-बेबाकी से पडताल व विश्लेषण में वह सिद्धहस्तता जो देश की अन्य भाषाओं के पत्रकारों सुधी अंग्रेजीदा संपादकों-विचारकों में भी लोकप्रिय और पठनीय। जैसे कि लेखक-संपादक अरूण शौरी की अंग्रेजी में हरिशंकर व्यास के लेखन पर जाहिर यह भावाव्यक्ति -

Leave a comment