बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं और इसके साथ ही नेताओं के दौरे भी शुरू हो गए हैं। सोमवार, 17 फरवरी को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बिहार का दौरा किया। उन्होंने विस्तार से समझाया कि इस बार बजट में बिहार को क्या क्या मिला है। वे पहले बिहार के प्रभारी रह चुके हैं। अगले हफ्ते 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा होना है। वे भागलपुर में हजारों करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। अगले दिन यानी 25 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी पटना पहुंच रही हैं। वे पटना मेडिकल कॉलज के एक कार्यक्रम में शामिल होंगी। कई और केंद्रीय मंत्रियों के दौरे प्रस्तावित हैं।
दूसरी ओर विपक्षी गठबंधन के नेताओं के दौरे भी शुरू हो गए हैं। इस साल अब तक दो बार राहुल गांधी पटना का दौरा कर चुके हैं। राजद नेता तेजस्वी यादव ने जिलावार कार्यकर्ता सम्मेलन स्थगित कर दिया था। उसे फिर से शुरू किया है। उधर नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा चल रही है तो साथ साथ एनडीए की पांच पार्टियों के प्रदेश अध्यक्षों की जिलावार समन्वय बैठक हो रही है। जदयू की ओर से अलग अलग जातीय समूहों के लिए रथ घूम रहा है। अब खबर है कि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी पटना में गंगा किनारे स्थित सत्याग्रह आश्रम से निकल नए सिरे से बिहार की यात्रा पर निकल रहे हैं। इस बार वे हर अनुमंडल में जाएंगे और सभाएं करेंगे। तभी यह कयास भी लगने लगा है कि बिहार में समय से पहले चुनाव हो सकता है।
Image Source: ANI


