कांग्रेस पार्टी ने अभी तक 24, अकबर रोड खाली नहीं किया है। अब भी पार्टी के कई पदाधिकारी वहां बैठते हैं। हालांकि कांग्रेस मुख्यालय फिरोजशाह कोटला रोड पर शिफ्ट हो गया है और कांग्रेस अध्यक्ष व महासचिवों का वहां बैठना भी शुरू हो गया है। कांग्रेस की बैठकें अब इंदिरा भवन के नए कार्यालय में हो रही हैं। लेकिन अकबार रोड पार्टी ने खाली नहीं किया है। इतना ही नहीं रायसीना रोड पर स्थित पांच नंबर बंगला भी अभी कांग्रेस के पास है। पांच, रायसीना रोड पर यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई का कार्यालय है।
फिर भी कांग्रेस 24, अकबर रोड और पांच, रायसीना रोड का बंगला इस आधार पर नहीं खाली कर रही है कि भारतीय जनता पार्टी ने भी अभी 11, अशोक रोड का बंगला खाली नहीं किया है। गौरतलब है कि भाजपा का मुख्यालय दशकों तक 11, अशोक रोड में रहा। उससे सटे नौ, अशोक रोड का बंगला अरुण जेटली को आवंटित है, जिसका बड़ा हिस्सा उन्होंने पार्टी के कामकाज के लिए दे दिया था। कांग्रेस के एक जानकार नेता कहना है कि अगर भाजपा 11, अशोक रोड का बंगला खाली नहीं करती है तो कांग्रेस भी दोनों बंगले खाली नहीं करेगी।
ज्यादा से ज्यादा यह हो सकता है कि सरकार बंगलों का किराया बढ़ा सकती है। अभी साधारण दर पर बंगला आवंटित है लेकिन अगर सरकार चाहे तो वह बाजार की दर पर भी किराया ले सकती है। कांग्रेस उस दर पर भी किराया देने को तैयार है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार जो नियम अशोक रोड के भाजपा के बंगले पर लागू करेगी वही नियम कांग्रेस के दोनों बंगलों पर भी लागू होगा। अब देखना है कि कब तक ये तीन बंगले खाली होते हैं।
Also Read: कांग्रेस में बयानबाजी चलती रहेगी
Pic Credit: ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



