राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

रघुराज प्रताप किसके लिए काम कर रहे हैं

उत्तर प्रदेश में जनसत्ता दल के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की कथा करवाई। भगवान श्रीकृष्ण पर दिए अपमानजनक बयान के बाद धीरेंद्र शास्त्री की यह कथा हुई थी, जिसमें उन्होंने इस मसले पर खूब सफाई दी और वहां से मथुरा दर्शन के लिए भी गए। रघुराज प्रताप सिंह पहले निर्दलीय लड़ते थे और जिस पार्टी को जरुरत होती थी उसके साथ जाकर मंत्री बनते थे। बसपा को छोड़ कर सबने उनको मंत्री बनाया। पिछले चुनाव से पहले उन्होंने जनसत्ता दल बनाया, जिसके दो विधायक हैं। दो विधायक जीतने के बाद उन्होंने कांग्रेस पर तंज किया था कि दोनों बराबर की पार्टियां हैं।

बहरहाल, प्रतापगढ़ के कुंडा में हुई धीरेंद्र शास्त्री की कथा से उत्तर प्रदेश में हिंदुत्व का माहौल बना। धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदुओं को एकजुट करने वाली सारी बातें कहीं और सारे नारे लगवाए। सवाल है कि रघुराज प्रताप सिंह ने यह काम किसके लिए किया है? चुनाव से ठीक पहले इस कथा का मकसद सिर्फ धर्म प्रचार तो नहीं है। क्या वे इस बार ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ कर ज्यादा विधायक जिताना चाहते हैं? अगर ऐसा है तो इसका नुकसान किसको होगा? उनकी कथा में समूचे उत्तर प्रदेश और बाहर के भी ठाकुर नेताओं का जमावड़ा हुआ। क्या राजा भैया सबसे बड़े ठाकुर चेहरे के तौर पर अपने को स्थापित कर रहे हैं या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए बिसात बिछा रहे हैं? कहा जा रहा है कि अपनी निजी महत्वाकांक्षा के साथ साथ वे योगी की राजनीति को मजबूत करने के लिए भी काम कर रहे हैं।

By NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a comment