कांग्रेस पार्टी क्या जाने माने अर्थशास्त्री और रिजर्व बैंक के गवर्नर रहे रघुराम राजन को राज्यसभा भेजेगी? जानकार सूत्रों का कहना है कि रघुराम राजन के नाम पर पार्टी में गंभीरता से विचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा रघुराम राजन के नाम पर भी विचार किया गया है। बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी हिमाचल प्रदेश या तेलंगाना से और रघुराम राजन महाराष्ट्र या कर्नाटक से संसद के उच्च सदन में जा सकते हैं। सोनिया को लेकर पहले से चर्चा थी और माना जा रहा था कि खराब सेहत की वजह से वे चुनाव नहीं लड़ेंगी। लेकिन रघुराम राजन का नाम नया है। कांग्रेस पहले भी ऐसे काम करती रही है। रघुराम राजन का एक अंतरराष्ट्रीय ब्रांड है, जिसको राजनीति में लाकर कांग्रेस उस ब्रांड का बंटाधार कर सकती है।
बहरहाल, पहले कांग्रेस के कई नेताओं की दावेदारी बताई जा रही थी। लेकिन उनमें रघुराम राजन का नाम नहीं था। हालांकि कुछ समय पहले तक वे सिविल सोसायटी के बड़े चहेते थे और उनको प्रधानमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा था। कई जानकार मानते थे कि मनमोहन सिंह के बाद जो अराजनीतिक चेहरा कांग्रेस के पहले परिवार को पसंद है और जिस पर दांव लगाया जा सकता है वह चेहरा रघुराम राजन का है। वे रिजर्व बैंक का गवर्नर बनने से पहले अमेरिका के शिकागो में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर थे और बाद में भी वे वहीं पढ़ाने चले गए। उनका एक अंतरराष्ट्रीय व्यक्तित्व है और वे मध्य वर्ग की पसंद भी माने जाते हैं। हालांकि पिछले कुछ दिनों में भाजपा ने उनके खिलाफ हमला तेज किया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पिछले दिनों कहा था कि रघुराम राजन ने आरबीआई गवर्नर रहते बैंकों की खराब स्थिति की अनदेखी की थी और उनके समय बैंकों की हालत बहुत खराब हो गई थी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


