पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण का विवाद फिर से शुरू हो सकता है। हाल में कर्नाटक सरकार द्वारा कराई गई एक जांच के हवाले से राहुल गांधी ने दावा किया है कि ई 20 अब 420 हो गया है। जांच में कहा गया है कि कई जगह पेट्रोल में 31 फीसदी तक इथेनॉल मिश्रण मिला है। हालांकि केंद्र सरकार और पेट्रोलियम कंपनियों ने इसे खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि करीब 840 जगह से सैंपल लेकर जांच कराई गई है और हर जगह पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा 20 फीसदी से कम मिली है। केंद्र सरकार और पेट्रोलियम कंपनियों ने कर्नाटक की जांच पर सवाल उठाए हैं।
इसके बावजूद लोगों के मन में संदेह और गहरा हो गया है। 20 फीसदी इथेनॉल मिश्रण से भी वे परेशान थे। लोगों को लग रहा था कि इससे गाड़ी के इंजन पर असर हो रहा है और माइलेज कम हो रहा है। अब अगर 30 फीसदी तक इथेनॉल मिश्रण की बात उठी है तो उनका संदेह बढ़ेगा। भाजपा और केंद्र सरकार के लिए चिंता की बात यह है कि यूजीसी के दिशा निर्देशों और एससी, एसटी कानून को सख्त किए जाने के खिलाफ सामान्य वर्ग की ओर से होने वाले हर प्रदर्शन में इथेनॉल मिश्रण का भी विरोध किया जा रहा है। हाल में एक ऐसा सम्मेलन हुआ था, जिसमें ई 20 के विरोध के पोस्टर भी लगे थे। सो, कांग्रेस के प्रचार से इतर भाजपा समर्थकों के एक बड़े वर्ग में भी इसे लेकर चिंता जताई जा रही है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



