कांग्रेस पार्टी में किश्तों में नियुक्ति हो रही है। कांग्रेस ने राज्यसभा में रजनी पाटिल को सचेतक नियुक्त किया है। हालांकि बजट सत्र के पहले चरण में संसद की कार्यवाही का वीडियो बनाने और उसे सार्वजनिक करने के आरोप में राज्यसभा सभापति ने रजनी पाटिल को पूरे सत्र के लिए निलंबित किया है। इसके बावजूद कांग्रेस ने उनको सचेतक नियुक्त किया है। इसके अलावा पार्टी ने एक और अहम नियुक्ति की है। उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी को पार्टी का उप नेता नियुक्त किया गया। राज्यसभा में आनंद शर्मा का कार्यकाल खत्म होने के बाद से उप नेता का पद खाली था। पार्टी ने सचेतक और उप नेता नियुक्त कर दिया है लेकिन कई मामलों में पार्टी को फैसला करना बाकी है।
कांग्रेस ने उदयपुर के नव संकल्प शिविर में एक व्यक्ति, एक पद का सिद्धांत तय किया था। लेकिन संसद के दोनों सदनों के नेता दो-दो पदों पर हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लोकसभा में कांग्रेस के नेता हैं। यह तय नहीं है कि दोनों पदों पर उनके रहने की व्यवस्था थोड़े समय के लिए है या अस्थायी है। इसी तरह लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस के भी अध्यक्ष हैं। उनके बारे में भी पार्टी फैसला नहीं कर पा रही है। इसके अलावा पार्टी संगठन को लेकर भी फैसला अभी रूका हुआ है। बताया जा रहा है कि पार्टी अध्यक्ष खड़गे अलग अलग राज्यों के नेताओं से मिल रहे हैं और संगठन पर विचार कर रहे हैं। उनको कांग्रेस कार्य समिति का गठन भी करना है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


