कोलंबो। भारत ने एक बार फिर एकदिवसीय क्रिकेट का एशिया कप अपने नाम कर लिया है। रविवार को एशिया कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने घरेलू टीम श्रीलंका को 10 विकेट से रौंदकर खिताब अपने नाम किया। असल में भारत को 51 रन बनाने के लिए सिर्फ औपचारिकता निभानी थी। दोनों सलामी बल्लेबाजों शुभमन गिल और ईशान किसान ने सिर्फ छह ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। गिल ने नाबाद 27 और ईशान किशन नाबाद 23 रन बनाए और सिर्फ 6.1 ओवरों में ही श्रीलंका को 10 विकेट से हरा दिया।
श्रीलंका की टीम को 50 रन पर समेटने का कारनामा मोहम्मद सिराज ने किया। सिराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट हासिल किए। सिराज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हार्दिक पंड्या ने श्रीलंका के तीन बल्लेबाजों को आउट किया। ध्यान रहे इससे पहले बांग्लादेश ने भारत को छह रन से हराया था, जिसके बाद माना जा रहा था कि श्रीलंका की टीम फाइनल में भारत को कड़ी टक्कर देगी। लेकिन श्रीलंका की टीम ने भारतीय गेंदबाजों के आगे पूरी तरह से समर्पण कर दिया।
मोहम्मद सिराज और हार्दिक पंड्या ने श्रीलंका को सिर्फ 50 रन पर ढेर कर दिया। श्रीलंका का यह दूसरा सबसे कम स्कोर रहा। सिराज ने छह और हार्दिक पांड्या ने तीन विकेट चटकाए। श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 17 रन कुसल मेंडिस ने बनाए। श्रीलंका की शुरुआत बिगाड़ने का काम जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर कुसल परेरा को केएल राहुल के हाथों लपकवा कर कर दिया। परेरा शून्य पर आउट हुए। सिराज ने 12 रन देकर छह विकेट लिए। उन्होंने एक ही ओवर में तीन श्रीलंकाई खिलाड़ियों को आउट किया। पूरी श्रीलंकई टीम सिर्फ 15.2 ओवरों में 50 रन पर ढेर हो गई। इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर मैच में पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


