राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

दिव्यांग क्रिकेट को बढ़ावा देगा बीसीसीआई

BCCI

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने देश में दिव्यांग क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में पहल की है। बोर्ड ने अपने सभी सदस्य संघों से दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों के कल्याण, विकास और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। दिव्यांग क्रिकेट परिषद भारत (डीसीसीआई) ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्रिकेट को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

बीसीसीआई के मानद सचिव देवजीत सैकिया ने 26 अक्टूबर को सदस्य संघों को पत्र लिखकर दिव्यांग खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें प्रोत्साहन, सहायता तथा खेल में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने का आग्रह किया। यह मुद्दा 18 सितंबर को मुंबई में हुई बीसीसीआई की 95वीं वार्षिक आम बैठक में भी उठाया गया था।

डीसीसीआई के सचिव रविकांत चौहान और संयुक्त सचिव अभय प्रताप सिंह ने इस पहल के लिए बीसीसीआई के प्रति आभार जताया। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि इससे दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और उनकी प्रतिभा को व्यापक पहचान मिलेगी।

Also Read : कातिल नहीं, आशिक हूं…’ नए पोस्टर में शाहरुख खान का दमदार अंदाज

डीसीसीआई सचिव रविकांत चौहान ने कहा दिव्यांग क्रिकेट को प्रोत्साहन देने के लिए हम बीसीसीआई के आभारी हैं। यह पहल क्रिकेट को अधिक समावेशी बनाने और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे उभरती प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करने में मदद मिलेगी।

डीसीसीआई के संयुक्त सचिव अभय प्रताप सिंह ने कहा कि, “बीसीसीआई की पहल दिव्यांग क्रिकेट के विकास के प्रति सकारात्मक प्रतिबद्धता दर्शाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य क्रिकेट संघ खिलाड़ियों को सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाएंगे, जिससे वे अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन कर सकें।”

डीसीसीआई ने कहा कि इस पहल की वास्तविक सफलता राज्य संघों के स्तर पर इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर निर्भर करेगी। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, नियमित प्रोत्साहन और अधिक भागीदारी के अवसर मिलने से देश में दिव्यांग क्रिकेट को मजबूती मिल सकती है।

डीसीसीआई को उम्मीद है कि बीसीसीआई की यह पहल देश में दिव्यांग क्रिकेट के लिए नए अवसर खोलेगी और खेल को अधिक सुलभ एवं समावेशी बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

Pic Credit : UNI

Tags :

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment