भारत ने मंगलवार को एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप 2026 में पूल ‘ए’ के अपने दूसरे मुकाबले में जापान को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। भारत ने अब तक अपने दोनों पूल मैच जीते हैं।
ऑकलैंड के नॉर्थ हार्बर नेशनल हॉकी सेंटर में खेले गए मुकाबले में कप्तान और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ सलीमा टेटे (33वें मिनट) और लालरेमसियामी (49वें मिनट) ने भारत के लिए गोल दागे, जबकि एई हिरामित्सु (35वें मिनट) जापान की एकमात्र गोल करने वाली खिलाड़ी रहीं।
मिडफील्डर ज्योति के लिए यह एक यादगार मैच था, जिन्होंने अपना 100वां सीनियर इंटरनेशनल मैच खेला। पहला हाफ बेहद कड़ा मुकाबला रहा, जिसमें दोनों टीमों ने मौके बनाए लेकिन हाफ-टाइम तक कोई भी टीम बराबरी नहीं तोड़ सकी।
Also Read : सरकारी प्रतिबंधों के बाद मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम को गूगल प्ले स्टोर से हटाया गया
तीसरे क्वार्टर में खेल में तब रोमांच आ गया जब भारत ने 33वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर में अपना पहला गोल किया। नवनीत कौर के शॉट को निक्की प्रधान ने बेहतरीन तरीके से सलीमा की ओर पास किया और कप्तान ने उसे गोल में तब्दील कर भारत को बढ़त दिलाई।
हालांकि जापान ने 2 मिनट बाद ही मैच में पकड़ बना ली। हिरामित्सु (35वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल दागकर बराबरी कर ली।
अंतिम क्वार्टर में भारत की लालरेमसियामी ने 49वें मिनट में विजयी गोल दागा। सुशीला चानू पुखरामबम ने सर्कल के किनारे से गोल की ओर एक सटीक पास दिया और लालरेमसियामी को गेंद को नेट में डालकर भारत को जीत दिलाई।
इस जीत के साथ, अपराजित भारत, अमेरिका और जापान के खिलाफ जीत से मिले छह अंकों के साथ पूल ‘ए’ में शीर्ष पर पहुंच गया है।
भारत टूर्नामेंट के अपने आखिरी मैच में 18 जून को उरुग्वे का सामना करेगा, जबकि जापान और अमेरिका पूल ‘ए’ से दूसरे सेमीफाइनल स्थान के लिए भिड़ेंगे।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



