राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज में किया सूपड़ा साफ

नूर अहमद (पांच विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने तीसरे टी-20 में 71 गेंदें शेष रहते जिम्बाब्वे को सात विकेट से हराकर टी-20 सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। नूर अहमद को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ तथा अजमतुल्लाह ओमरजई को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से नवाजा गया।

रविवार रात खेले गये इस मैच में स्पिनर नूर अहमद ने जिम्बाब्वे के मिडिल और लोअर ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने 13 गेंदों में पांच विकेट झटके, जिससे जिम्बाब्वे की पूरी टीम 15 ओवर के अंदर ही 79 रन पर सिमट गई।

पहले गेंदबाजी करने का फैसला करते हुए, अफगानिस्तान ने शुरुआत में ही जिम्बाब्वे को झटके दिए। फजलहक फारूकी और अजमतुल्लाह ओमरजई ने शुरुआती दो ओवरों में लगातार गेंदों पर विकेट लेकर जिम्बाब्वे के ओपनर्स – इनोसेंट काइया और ब्रायन बेनेट – को पवेलियन भेज दिया।

इसके बाद अब्दुल्ला ताराखेल ने कप्तान सिकंदर रजा का अहम विकेट लिया, जिससे जिम्बाब्वे चौथे ओवर में 13/3 के स्कोर पर मुश्किल में आ गया। रयान बर्ल ने जिम्बाब्वे के लिए संघर्ष करते हुए 30 रन बनाए, लेकिन फिर अब्दुल्ला अहमदजई ने उन्हें पगबाधा आउट कर दिया।

Also Read : रविंद्र और चैपमैन भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर

इसके बाद नूर अहमद का जलवा देखने को मिला। उन्होंने जिम्बाब्वे के मिडिल और लोअर ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया, जिससे जिम्बाब्वे की पारी 79 रन पर सिमट गई।

जवाब में, अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद अकरम ने आक्रामक शुरुआत की। उन्होंने सिर्फ पांच गेंदों पर 14 रन बनाए, लेकिन फिर ब्लेसिंग मुजराबानी ने उन्हें आउट कर दिया। उनकी जगह क्रीज पर आए सेदिकुल्लाह अटल ने भी आक्रामक रुख जारी रखा और 14 गेंदों पर 20 रन बनाए, लेकिन फिर अर्नेस्ट मासुकु ने उन्हें आउट कर दिया।

इसके बाद मासुकु ने नूर उल रहमान को आउट करके जिम्बाब्वे को एक और सफलता दिलाई, जिससे उन्हें वापसी की थोड़ी उम्मीद जगी। लेकिन इब्राहिम जादरान (25 नाबाद) और अजमतुल्लाह उमरजई (18 नाबाद) की अनुभवी जोड़ी ने शानदार साझेदारी करके जिम्बाब्वे की वापसी की सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया और अफगानिस्तान को जीत दिला दी।

अफगानिस्तान ने पहले ही शुरुआती दो टी520 मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली थी। दूसरे टी-20 में, अजमतुल्लाह ओमरजई ने सिर्फ 50 गेंदों पर 116 रन बनाए, जिसकी मदद से अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को 19 रनों से हरा दिया। उस मैच में सिकंदर रजा ने भी शानदार शतक (56 गेंदों पर 106 रन) जड़ा था, लेकिन फिर भी जिम्बाब्वे को हार का सामना करना पड़ा।

पहले मैच में राशिद खान के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन ने सबका ध्यान खींचा, जिसकी बदौलत अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को 37 रनों से हराकर सीरीज की मजबूत शुरुआत की। अब दोनों टीमें 5 नवंबर से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में सबसे लंबे प्रारूप (टेस्ट क्रिकेट) में आमने-सामने होंगी।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment