न्यूजीलैंड को लगा दोहरा झटका, चोटिल मार्क चैपमैन और रचिन रविंद्र भारत के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार चैपमैन और रविंद्र को अपनी-अपनी चोटों से उबरने के लिए और समय चाहिए। एमआरआई स्कैन से पता चला है कि चैपमैन की बायीं हैमस्ट्रिंग को रिहैब के लिए और दो सप्ताह चाहिए, जबकि रविंद्र के दाहिने कंधे को पूरी क्षमता से क्षेत्ररक्षण करने के लायक होने से पहले और समय की जरूरत है।
न्यूजीलैंड ने अब मूल रूप से आखिरी दो वनडे मैचों का हिस्सा होने वाले टिम साइफर्ट को पूरी सीरीज के लिए शामिल कर लिया है, जबकि इस महीने 35 साल के होने वाले हेनरी निकल्स को पहले तीन मैचों के लिए टीम में लाया गया है। फिलहाल न्यूज़ीलैंड ए और इंडिया ए के बीच चल रही रेड-बॉल सीरीज़ में खेल रहे डीन फ़ॉक्सक्रॉफ़्ट को आख़िरी दो मैचों के लिए वनडे टीम में चुना गया है।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वॉल्टर ने कहा, “हर कोई जानता है कि मार्क और रचिन इस टीम के लिए कितने अहम हैं, इसलिए यह अफसोस की बात है कि उन्हें इस सीरीज़ से बाहर रहना पड़ रहा है। मैंने पिछले सप्ताह मार्क से मुलाकात की थी और हालांकि वे निराश हैं, लेकिन वे मैदान पर वापसी करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। रचिन की बात करें तो, उनका कंधा अभी तक उस स्थिति में नहीं आ पाया है जहां वह सफेद गेंद क्रिकेट में आसानी से क्षेत्ररक्षण कर सकें, इसलिए इस महीने के अंत में होने वाली टेस्ट सीरीज को देखते हुए हम कोई बेवजह का जोखिम नहीं लेना चाहते।
Also Read : शाहरुख खान ने जन्मदिन पर फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज
सितंबर में, एक प्रोमो शूट के दौरान रविंद्र के कंधे में चोट लग गई थी, जबकि यूरोपियन टी-20 प्रीमियर लीग के दौरान चैपमैन की हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था। निकल्स की वापसी बिल्कुल सही समय पर हुई है क्योंकि उन्होंने शनिवार को फ़ोर्ड ट्रॉफ़ी में कैंटरबरी के लिए ओपनिंग करते हुए 119 रन बनाए थे। उन्होंने 92 वनडे मैच खेले हैं, और वह जुलाई में न्यूजीलैंड के वेस्टइंडीज दौरे का भी हिस्सा थे।
भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज के बीच में ही बाहर होने वाले मैट हेनरी सोमवार को वनडे स्क्वॉड में शामिल हो गए हैं और उनके खेलने की फिटनेस का भी आकलन किया जाएगा। मैथ्यू फिशर जिन्हें मूल रूप से केवल आख़िरी दो मैचों के लिए चुना गया था, उन्हें एक अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प के रूप में पूरी सीरीज के लिए शामिल कर लिया गया है। पहला वनडे बुधवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा।
भारत के खिलाफ न्यूज़ीलैंड का अपडेटेड वनडे टीम इस प्रकार है:-
पहले तीन वनडे: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवन कॉन्वे, जेकब डफी, मैथ्यू फिशर, मैट हेनरी, काइल जेमीसन, टॉम लेथम (विकेटकीपर), डैरिल मिशेल, हेनरी निकल्स, ग्लेन फ़िलिप्स, टिम साइफ़र्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग और ब्लेयर टिकनर।
आखिरी दो वनडे: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन ऐलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जेकब डफी, मैथ्यू फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर और विल यंग।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



