आईसीसी ने मेंस टी20 टीम की ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारत शीर्ष पर मजबूती के साथ खड़ा है। मंगलवार को जारी ताजा अपडेट में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में, भारत 275 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ ‘नंबर-1’ पायदान पर है। हालांकि, भारत की बढ़त थोड़ी कम हुई है, फिर भी टीम दूसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड (262) से काफी आगे है, जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम 258 प्वाइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर उनके ठीक पीछे है।
इस नए अपडेट में, मई 2025 के बाद खेले गए मुकाबलों को 100 प्रतिशत और पिछले दो वर्षों के मुकाबलों को 50 प्रतिशत वेटेज दिया गया है। यह अपडेट टी20 क्रिकेट में भारत के लगातार बेहतरीन प्रदर्शन को दर्शाता है। भारत ने इस फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम इंडिया ने साल 2024 और 2026 में लगातार दो बार मेंस टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया है।
टॉप-7 रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है, जो दिखाता है कि टॉप टीमों के बीच कितनी निरंतरता है। न्यूजीलैंड (247) चौथे स्थान पर बना हुआ है, जिसके बाद साउथ अफ्रीका (244) पांचवें स्थान पर है। पाकिस्तान (240) और वेस्टइंडीज (233) क्रमशः छठे और सातवें स्थान पर बने हुए हैं।
Also Read : आईसीसी टी20 रैंकिंग में चामरी अटापट्टू की बड़ी छलांग
प्वाइंट्स टेबल में थोड़ा नीचे देखें तो, बांग्लादेश एक रेटिंग प्वाइंट हासिल करके 8वें स्थान पर पहुंच गया है। उसे इसका फायदा इसलिए मिला, क्योंकि श्रीलंका 6 प्वाइंट्स गंवाकर 9वें स्थान पर खिसक गया। अफगानिस्तान 10वें स्थान पर श्रीलंका के ठीक पीछे है, दोनों के बीच सिर्फ एक प्वाइंट का फासला है।
ताजा रैंकिंग में कई टीमों ने शानदार छलांग लगाई है। संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) सबसे बड़े बदलाव करने वाली टीमों में शामिल रही और छह रेटिंग अंक हासिल कर दो स्थान ऊपर चढ़ते हुए 13वें स्थान पर पहुंच गई। इसके साथ उसने नीदरलैंड्स और स्कॉटलैंड को पछाड़ दिया, जो अब क्रमशः 14वें और 15वें स्थान पर हैं। नामीबिया 16वें स्थान पर बरकरार है, जबकि नेपाल और ओमान ने एक-एक स्थान की छलांग लगाते हुए क्रमशः 17वें और 19वें स्थान पर जगह बनाई।
निचले हिस्से में इटली सबसे ज्यादा फायदा उठाने वाली टीमों में रही, जिसने 11 अतिरिक्त रेटिंग अंक हासिल कर तीन स्थान की छलांग लगाते हुए 23वां स्थान हासिल किया। वहीं, स्पेन और साइप्रस ने भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया, जबकि मोजाम्बिक को बड़ा झटका लगा और वह 15 स्थान नीचे खिसक गई।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



