nayaindia Loksabha Eelction 2024 सपा ने कांग्रेस को 11 सीटें दीं

सपा ने कांग्रेस को 11 सीटें दीं

लखनऊ। एक के बाद एक राज्यों में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में हो रही टूट की घटनाओं के बीच उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों का बंटवारा हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुद ट्विट करके बताया है कि कांग्रेस 11 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इससे पहले समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के बीच सीटों का बंटवारा हो गया था और सपा ने रालोद के लिए सात सीटें छोड़ी थीं। इस तरह सपा ने दो सहयोगियों के लिए राज्य की 80 में से 18 सीटें छोड़ दी हैं।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को को कहा कि कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग को लेकर अब सब कुछ तय हो गया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके इसके बारे में जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर लिखा- कांग्रेस के साथ 11 मज़बूत सीटों से हमारे सौहार्दपूर्ण गठबंधन की अच्छी शुरुआत हो रही है। ये सिलसिला जीत के समीकरण के साथ और भी आगे बढ़ेगा। ‘इंडिया’ की टीम और ‘पीडीए’ की रणनीति इतिहास बदल देगी।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में फिलहाल कांग्रेस के पास सिर्फ एक लोकसभा सीट है। इस सीट से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी सांसद हैं। पिछली बार अमेठी सीट से राहुल गांधी चुनाव हार गए थे। बहरहाल, सपा ने कांग्रेस के लिए कौन कौन सी सीटें छोड़ी हैं, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। रालोद के लिए भी छोड़ी गईं सात सीटों के बारे में आधिकारिक रूप से कुछ भी नहीं बताया गया था।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें