राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

चंद्रमा ही नहीं, पृथ्वी की बदलती जलवायु भी ज्वार-भाटे पर डाल रही असर

दुनिया के कुछ हिस्सों में समुद्र का जल ज्वार-भाटे के दौरान बहुत कम ऊपर-नीचे होता है, जबकि कुछ जगहों पर उच्च और निम्न ज्वार के बीच का अंतर काफी अधिक होता है। पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के किम्बर्ली तट पर यह अंतर 10 मीटर से भी अधिक हो सकता है जो करीब तीन मंजिला इमारत की ऊंचाई के बराबर है।

समुद्री ज्वार-भाटा तटरेखाओं और समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र को आकार देता है, तटीय समुदायों को प्रभावित करता है और यहां तक कि अंटार्कटिका की बर्फीली चट्टानों के पिघलने में भी भूमिका निभाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि कुछ स्थानों पर ज्वार इतना अधिक और कुछ जगहों पर इतना कम क्यों होता है और समुद्रों में बदलाव के साथ क्या ज्वार-भाटे में भी बदलाव आ रहा है ?

चंद्रमा और सूर्य का गुरुत्वाकर्षण –

चंद्रमा और सूर्य दोनों अपने गुरुत्वाकर्षण बल के जरिये पृथ्वी पर ज्वार पैदा करते हैं। सूर्य अधिक विशाल है, लेकिन चंद्रमा पृथ्वी के काफी करीब है, इसलिए समुद्री ज्वार पर उसका प्रभाव अधिक होता है।

चंद्रमा का गुरुत्वाकर्षण उसकी दूरी बढ़ने के साथ कम होता जाता है। पृथ्वी का जो हिस्सा चंद्रमा के सबसे करीब है, वहां इसका प्रभाव सबसे अधिक और दूर वाले हिस्से में सबसे कम होता है। यह अंतर पृथ्वी की ठोस सतह और महासागरों को खींचता है। पानी चट्टानों की तुलना में अधिक आसानी से गति करता है, इसलिए इसका प्रभाव समुद्र में ज्यादा दिखाई देता है।

सरल रूप में देखें तो इससे समुद्र में ज्वार के दो उभार बनते हैं—एक चंद्रमा की ओर वाले हिस्से में और दूसरा पृथ्वी के विपरीत हिस्से में। पृथ्वी के घूमने के साथ अलग-अलग स्थान इन उभारों के क्षेत्र में आते-जाते हैं। यही कारण है कि कई जगहों पर रोज दो बार उच्च ज्वार और दो बार निम्न ज्वार आता है।

सूर्य भी इसी तरह, हालांकि अपेक्षाकृत कमजोर, प्रभाव डालता है। जब सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी एक सीध में होते हैं तो दोनों के गुरुत्वाकर्षण प्रभाव मिल जाते हैं और ज्वार का अंतर सामान्य से अधिक हो जाता है। इसे ‘स्प्रिंग टाइड’ कहा जाता है। जब सूर्य और चंद्रमा पृथ्वी से देखने पर समकोण पर होते हैं तो उनके प्रभाव आंशिक रूप से एक-दूसरे को कम करते हैं और ज्वार का अंतर घट जाता है, जिसे ‘नीप टाइड’ कहा जाता है।

केवल गुरुत्वाकर्षण ही जिम्मेदार नहीं –

तटीय क्षेत्रों में ज्वार मापने वाले उपकरणों और उपग्रहों से मिले आंकड़े ज्वार की सरल तस्वीर से काफी अलग हैं। महाद्वीप महासागरों को अलग-अलग बेसिन में बांट देते हैं, जिससे समुद्री जल इन बेसिनों के भीतर आगे-पीछे होता है।

कई महासागरीय बेसिन में ज्वार ऐसे बिंदुओं के आसपास घूमता है जहां जलस्तर में बदलाव लगभग नहीं होता। इन्हें ‘एम्फिड्रोमिक पॉइंट’ कहा जाता है। आम तौर पर इन बिंदुओं से दूरी बढ़ने के साथ ज्वार का अंतर बढ़ता जाता है।

Also Read : महिलाओं की सुरक्षा की मांग को लेकर डीयू की छात्राओं ने मार्च निकाला

तटरेखा का आकार भी ज्वार को बढ़ा सकता है। इसे ‘रेजोनेंस’ कहा जाता है। प्रत्येक खाड़ी में पानी के आगे-पीछे हिलने की एक प्राकृतिक लय होती है, जो उसके आकार और गहराई पर निर्भर करती है। जब यह लय स्थानीय ज्वार की लय से मेल खाती है तो हर अगली हलचल पिछली हलचल को और मजबूत करती है।

इसी प्रक्रिया से किम्बर्ली तट और कनाडा की बे ऑफ फंडी में असाधारण रूप से बड़े ज्वार देखने को मिलते हैं। बे ऑफ फंडी में ज्वार का अंतर 16 मीटर तक पहुंच सकता है।

समुद्र के नीचे मौजूद पहाड़ और पर्वत श्रृंखलाएं भी ज्वार को प्रभावित करती हैं। जब ज्वार का पानी असमतल समुद्री तल के ऊपर से गुजरता है तो उसकी कुछ ऊर्जा समुद्र के भीतर बनने वाली तरंगों में बदल जाती है, जिन्हें ‘इंटरनल टाइड्स’ कहा जाता है।

इंडोनेशियाई द्वीपसमूह का जटिल समुद्री तल शक्तिशाली आंतरिक ज्वार पैदा करता है। जब ये आंतरिक ज्वार टूटते हैं तो घर्षण से समुद्र में हलचल तेज हो सकती है जिससे गर्मी और पोषक तत्वों के वितरण में मदद मिलती है।

वैज्ञानिकों के एक हालिया अध्ययन के अनुसार, इन आंतरिक ज्वारों के प्रभाव को मॉडलों में शामिल करने से वास्तविक ज्वार का बेहतर अनुमान लगाया जा सकता है और इसके लिए आंतरिक ज्वारों का सीधे अनुकरण करने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे कंप्यूटिंग संसाधनों की बचत हो सकती है और अतीत तथा भविष्य के ज्वार के अधिक विश्वसनीय मॉडल तैयार किए जा सकते हैं।

बदलते महासागर में ज्वार भी बदल रहा है –

सर आइजैक न्यूटन ने 1687 में गुरुत्वाकर्षण के जरिये ज्वार-भाटे की व्याख्या की थी। तीन सदियों से अधिक समय बाद भी वैज्ञानिक यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि बदलते महासागरों के साथ ज्वार कैसे बदल रहा है।

जलवायु परिवर्तन के कारण समुद्र का स्तर बढ़ रहा है और तटरेखाएं बदल रही हैं। समुद्र की ऊपरी परत गर्म हो रही है और पानी में परतों के बीच अंतर भी बढ़ रहा है। इन बदलावों का ज्वार के आकार पर असर पड़ सकता है।

माप से पहले ही संकेत मिल रहे हैं कि ज्वार में बदलाव हो रहा है। समुद्र के स्तर में बदलाव और समुद्री जल के अधिक स्तरीकृत होने को इसके कुछ कारणों से जोड़ा जा रहा है। बेहतर महासागरीय मॉडल अब आंतरिक ज्वारों को अधिक विस्तार से दर्ज कर रहे हैं और नए उपग्रह जटिल तटीय क्षेत्रों में ज्वार को मापने में मदद कर रहे हैं।

तटीय समुदायों के लिए ज्वार में इन बदलावों को समझना महत्वपूर्ण होता जा रहा है। भविष्य में ज्वार में होने वाले बदलावों का बेहतर अनुमान लगाने से तटीय समुदायों को बाढ़ के लिए तैयारी करने, नुकसान कम करने और तटीय विकास की अधिक सुरक्षित योजना बनाने में मदद मिल सकती है।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment

और पढ़ें