राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

बिहार का पहला म्यूनिसिपल बॉन्ड शेयर बाजार में सूचीबद्ध

पटना नगर निगम द्वारा जारी किया गया बिहार का पहला म्यूनिसिपल बॉन्ड शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो गया है। यह बिहार में किसी शहरी स्थानीय निकाय द्वारा जारी किया गया पहला म्यूनिसिपल बॉन्ड है। इसे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) पर सूचीबद्ध किया गया है। इसके लिए मंगलवार को पटना में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी उपस्थित थे।

इस बॉन्ड का बेस इश्यू साइज 100.03 करोड़ रुपये है और 99.96 करोड़ रुपये का ‘ग्रीन-शू विकल्प’ रखा गया है जिसके तहत अतिरिक्त सबस्क्रिप्शन मिलने की स्थिति में उसे भी स्वीकार किया जा सकता है। इस प्राइवेट प्लेसमेंट को संस्थागत निवेशकों से बेस इश्यू साइज के मुकाबले दो गुना से अधिक का सब्सक्रिप्शन मिला।

जुटाई गई पूंजी का उपयोग नगर निगम द्वारा 199.99 करोड़ रुपये की लागत से 15 परियोजनाओं को पूरा करने के लिए किया जाएगा। इन परियोजनाओं का उद्देश्य पटना के बाजार क्षेत्रों का पुनर्विकास करना है, ताकि शहरी सेवाओं, सार्वजनिक सुविधाओं और आर्थिक दक्षता में सुधार लाया जा सके।

Also Read : शेयर बाजारों में तेजी जारी, सेंसेक्स 1,400 अंक उछला

समारोह संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि बिहार को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, समृद्धि के नए रास्ते तलाशने और राज्य को राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एनएसई पर पटना नगर निगम के म्युनिसिपल बॉन्ड के सूचीबद्ध होने से लगभग 200 करोड़ रुपये की राशि तुरंत प्राप्त हो गई है। यह बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

एनएसई के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार चौहान ने कहा यह बिहार की उस यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है, जिसमें राज्य शहरी बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पूंजी बाजारों का उपयोग कर रहा है। इस पहल को सफल होते देखना विशेष रूप से उत्साहजनक है। इसकी नींव एनएसई और बिहार सरकार के बीच हुए एक आउटरीच कार्यक्रम के दौरान रखी गई थी। उस समय, राज्य का एक वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल पूंजी बाजार पारितंत्र को समझने और पूंजी बाजारों के जरिये फंड जुटाने के तरीकों का पता लगाने के लिए पिछले साल मुंबई आया था।

देश में अब तक 23 नगर निगमों द्वारा 32 म्युनिसिपल बॉन्ड जारी किए गए हैं, जिनके जरिये कुल मिलाकर लगभग 4,740.33 करोड़ रुपये जुटाए गए हैं। वित्त वर्ष में ही 14 बॉन्ड जारी करके लगभग 1,756.44 करोड़ रुपये जुटाए गए हैं।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment