राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

लेन-देन का रिश्ता

कुछ समय पहले खबर आई थी कि बालेन शाह ने भारत आने के बदले दो बिलियन डॉलर मांगे हैं। सोमवार को उनसे बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल को 1.62 बिलियन डॉलर देने की घोषणा की।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा कामयाब रही। शाह जो चाहते थे, उन्होंने हासिल किया। भारत जो संदेश देना चाहता था, उसमें वह भी कामयाब रहा। भारत सरकार के नजरिए से यह सुनिश्चित करना महत्त्वपूर्ण था कि नेपाल के प्रधानमंत्री के पहली विदेश यात्रा के रूप में भारत आने की परंपरा शाह भी निभाएं। इसके लिए शाह सरकार से उच्च आधिकारिक स्तर पर लगातार संपर्क किया गया। कुछ समय पहले यह खबर बहुचर्चित हुई कि शाह ने भारत आने के बदले दो बिलियन डॉलर की सहायता मांगी है। सोमवार को शाह से बातचीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल को 1.62 बिलियन डॉलर देने की घोषणा की।

यह रकम विकास परियोजनाओं और हाल में आई प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के पुनर्निर्माण पर खर्च की जाएगी। इस तरह पहले अपने भारत विरोधी बयानों के लिए चर्चित रहे शाह अब देश लौट कर भारत से बड़ी सहायता लाने की कामयाबी का ढिंढोरा पीट सकेंगे। इधर मोदी सरकार इस धारणा पर ब्रेक लगाने में सफल होगी कि उसके कार्यकाल में पड़ोसी देश भारत से दूर छिटकते गए हैं। प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता के जरिए पड़ोसियों को संभालने का यह तरीका श्रीलंका में भी काफी हद तक कामयाब रहा है। भारत के रणनीतिक चिंतन में यह समझ गहरे समाई हुई है कि चीन के बढ़ते प्रभाव को रोकना भारत उदय के उद्देश्य को पूरा करने के लिए जरूरी है।

खासकर दक्षिण एशिया में चीन के पांव ज्यादा ना पसरें, इसे भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ कर देखा जाता है। ऐसे में पड़ोसी देशों को आर्थिक मदद कूटनीति के कारगर औजार के रूप में उभरा है। जिस समय डॉनल्ड ट्रंप की “ट्राजैक्शनलन विदेश नीति” दुनिया भर चर्चित है, वैसा ट्रेंड क्षेत्रीय संबंधों में भी दिखे, तो उस पर कोई हैरत नहीं है। लेकिन मुद्दा ऐसी कूटनीति से हासिल लाभ के टिकाऊ होने का है। क्या इस बात की गारंटी है कि बालेन शाह सरकार नेपाल में चीन की पैठ रोकने की नीति पर चलेगी? इसके अलावा अगले चुनावों के साथ माहौल बदलने पर मौजूदा लाभ धुल ना जाएं, इसे भी सुनिश्चित करने की चुनौती है।

By NI Editorial

The Nayaindia editorial desk offers a platform for thought-provoking opinions, featuring news and articles rooted in the unique perspectives of its authors.

Leave a comment