ये घटना दिखाती है कि कोई व्यक्ति/ कंपनी अर्थव्यवस्था में अत्यधिक महत्त्वपूर्ण हो जाए, तो नैतिक और राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी उसकी गंभीर चूक को भी नजरअंदाज किया जा सकता है। अमेरिकी पूंजीवाद का यह नया दौर है।
बीते आठ नवंबर को जेनसेन हुआंग ने अपने विवाहेतर संबंध को स्वीकार किया, तो एनविडिया कंपनी के शेयरों के भाव में लगभग एक तिहाई की गिरावट आ गई। 23 नवंबर को जब उन्हें उनके पदों पर बहाल किया गया, तो इस प्रमुख चिप निर्माता कंपनी से शेयरों के भाव लगभग उतने ही उछल गए। इन दो हफ्तों में हुआंग की नेतृत्व क्षमता या उनके व्यक्तित्व में कोई बदलाव नहीं आया। तो फिर ऐसा क्यों हुआ? सारा फर्क इस संकेत से पड़ा कि हुआंग की पीठ पर राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप का हाथ है। इस पैगाम ने उनके विवाहेतर रिश्तों से जुड़ी अनैतिकता, उनकी एक महिला मित्र के चीन का कथित जासूस होने अथवा अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन कर चीन को उन्नत चिप दिलवाने, जैसे तमाम गंभीर आरोपों को पृष्ठभूमि में डाल दिया।
यह सूचना खूब प्रचारित की गई कि हुआंग की वापसी के लिए खुद ट्रंप निदेशक मंडल की बैठक से जुड़े। बाद में ट्रंप ने कहा- ‘यह (हुआंग की वापसी) मेरा डील है।’ यानी एनविडिया के शेयरों में उछाल कंपनी के मूलभूत व्यवसाय या सीईओ की क्षमता के कारण नहीं, बल्कि राजनीतिक सत्ता के हस्तक्षेप से हुआंग की हुई बहाली के कारण हुई। लेकिन हुआंग की वापसी में ट्रंप की इतनी दिलचस्पी क्यों थी? इसका संकेत ब्रिटिश अखबार फाइनेंशियल टाइम्स की एक खबर से होता है। इसके मुताबिक एनविडिया कंपनी में बीते 30 सितंबर को ट्रंप के 3,70,000 तक शेयर थे।
हुआंग की वापसी से शेयरों के भाव चढ़े, तो उससे ट्रंप को डेढ़ करोड़ डॉलर का प्रत्यक्ष लाभ हुआ। स्पष्टतः इस घटना ने अमेरिकी पूंजीवाद के चरित्र में आए बदलाव पर नई रोशनी डाली है। इससे जाहिर हुआ है कि भले कभी अमेरिकी प्राइवेट कंपनियों के बोर्ड स्वतंत्र निर्णय लेने के लिए जाने जाते थे, लेकिन संस्थागत जवाबदेही अब राजनीतिक दखल और बाजार के लालच के आगे बौनी हो गई है। ये घटना यह भी दिखाती है कि कोई व्यक्ति या कंपनी अर्थव्यवस्था में अत्यधिक महत्त्वपूर्ण हो जाए, तो गंभीर नैतिक और राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चूक को भी नजरअंदाज किया जा सकता है। सचमुच अमेरिकी पूंजीवाद का यह नया दौर है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



