साफ हवा-पानी को महत्त्व ना देने के नजरिए का असर भारत की छवि और भारतीयों की सेहत पर पड़ रहा है। लेकिन, जब रहबर ही उलटी बातें करने लगें, तो इससे अलग और क्या हो सकता है?
जिस समय देश के अनेक हिस्सों के लोग वातावरण पर छाये जहरीले तत्वों के कारण “गैस चैंबर” जैसी स्थिति में जी रहे हैं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का दिवाली पर आतिशबाजी और उससे उपजे वायु प्रदूषण को लेकर दिया गया बयान आम विवेक पर गहरी चोट की तरह महसूस हुआ है। योगी आदित्यनाथ ने पटाखों पर प्रतिबंध ना लगाने के अपने फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि एक दिन के उत्सव से प्रदूषण हुआ है, तो वह खुद खत्म हो जाएगा- इस पर चिंता करने की जरूरत नहीं है। यह नजरिया बताता है कि क्यों अपने देश में स्वस्थ जीवन की स्थितियां लगातार बिगड़ रही हैं और क्यों अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के बारे में राय नकारात्मक हो रही है।
जिस रोज आदित्यनाथ ने यह बयान दिया, उसी रोज नकारात्मक होती राय की ठोस मिसाल भी सामने आई। तुर्किये के अंताल्या में चल रहे संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन के दौरान जलवायु परिवर्तन रोकने की दिशा में प्रगति की कसौटी पर 64 देशों के प्रदर्शन की रिपोर्ट जारी हुई, तो उसमें भारत पांच पायदान नीचे गिर गया। क्लाइमेट चेंज परफॉर्मेंस इंडेक्स जर्मन-वॉच और न्यू-क्लाइमेट इंस्टीट्यूट तैयार करते हैं। पिछले वर्ष इसमें भारत 23वें स्थान पर था। इस बार 28वें पर जा पहुंचा है। यह लगातार तीसरी सालाना गिरावट है। यह रिपोर्ट ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन, अक्षय ऊर्जा के उपयोग, कुल ऊर्जा के उपयोग के अनुपात, और जलवायु नीति के पैमानों पर तैयार की जाती है।
रिपोर्ट लेखकों के अनुसार भारत ने ऊर्जा उपयोग और ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन की श्रेणियों में सबसे ज़्यादा अंक गंवाए। प्रति व्यक्ति उत्सर्जन और ऊर्जा उपयोग अन्य प्रमुख उत्सर्जक देशों से अब भी कम हैं, लेकिन हाल के वर्षों में इनमें वृद्धि दर्ज की गई है। स्पष्टतः यह देश में पर्यावरण संरक्षण और साफ हवा-पानी को महत्त्व ना देने के फैलते जा रहे रुझान का परिणाम है। इसका असर ना सिर्फ भारत की छवि, बल्कि आम भारतीयों की सेहत पर भी पड़ रहा है। बहरहाल, जिनसे राह दिखाने की उम्मीद होती है, वही गुमराह करने वाली बातें करने लगें, तो फिर क्या उम्मीद जोड़ी जा सकती है?
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



