राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

कन्नड़ अभिनेता-निर्माता दिलीप राज का निधन, हार्ट अटैक से 47 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

कन्नड़ फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय अभिनेता और निर्माता दिलीप राज का निधन हो गया है। उन्होंने 47 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। इस खबर के बाद से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के दिलीप राज की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द उठा, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में बेंगलुरु के कुमारस्वामी लेआउट इलाके स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया। 

तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। अस्पताल पहुंचने के कुछ ही समय बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उनकी मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है।

दिलीप राज के निधन की खबर सामने आते ही कन्नड़ फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार दुख जाहिर कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि इंडस्ट्री ने एक बेहद प्रतिभाशाली कलाकार को खो दिया है। कई कलाकारों ने उन्हें मेहनती, विनम्र और नेकदिल इंसान बताया।

दिलीप राज का जन्म 2 सितंबर 1978 को बेंगलुरु में हुआ था। बचपन से ही उनका झुकाव कला और मनोरंजन की दुनिया की तरफ था। कॉलेज के दिनों में उन्होंने थिएटर किया और अभिनय की बारीकियां सीखीं।

Also Read : आलिया भट्ट ने कान्स में बिखेरा जलवा, लैंडस्केप-प्रिंट गाउन में दिखीं ‘रॉयल’

थिएटर में अपनी पहचान बनाने के बाद दिलीप राज ने टेलीविजन इंडस्ट्री की ओर कदम बढ़ाया। उन्होंने छोटे पर्दे से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। शुरुआत में उन्होंने कई कन्नड़ सीरियल्स में काम किया और धीरे-धीरे दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो गए।

‘कंबडा माने’, ‘जननी’, ‘अर्ध सत्य’, ‘रंगोली’, ‘मांगल्या’ और ‘कुमकुम भाग्य’ जैसे सीरियल्स ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। इसके बाद दिलीप राज ने फिल्मों की दुनिया में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

उन्होंने साल 2005 में रिलीज हुई ‘ब्वॉयफ्रेंड’ से फिल्मी करियर की शुरुआत की। हालांकि, उन्हें असली पहचान साल 2007 में आई ‘मिलन’ से मिली। इस फिल्म में उन्होंने खलनायक की भूमिका निभाई थी। फिल्म में उनके किरदार ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी और वह कन्नड़ इंडस्ट्री के चर्चित कलाकारों में शामिल हो गए। इसके अलावा, उन्होंने ‘यू-टर्न’, ‘7 ओ क्लॉक’ और ‘लव मॉकटेल 3’ जैसी फिल्मों में भी शानदार अभिनय किया।

अभिनय के अलावा दिलीप राज ने निर्माता के तौर पर भी अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने अपने प्रोडक्शन हाउस डीआर क्रिएशंस के जरिए कई टीवी शोज बनाए। ‘हिटलर कल्याणा’ धारावाहिक से उन्हें बतौर निर्माता और अभिनेता दोनों रूपों में बड़ी सफलता मिली। यह शो दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था।

Pic Credit : ANI

Tags :

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

10 + 3 =