राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सैयामी खेर ने पूरा किया तीसरा आयरनमैन 70.3

अभिनेत्री सैयामी खेर ने 19 सितंबर को इटली के चेर्विया में आयोजित आयरनमैन 70.3 रेस सफलतापूर्वक पूरी कर अपना तीसरा आयरनमैन 70.3 पूरा किया, इसके साथ ही वह तीन बार इस चुनौतीपूर्ण रेस को पूरा करने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री बन गई हैं।

सैयामी ने पहली बार 2024 में जर्मनी के एर्कनर-ब्रांडेनबर्ग में आयरनमैन 70.3 में हिस्सा लिया था। इसके बाद जुलाई 2025 में उन्होंने स्वीडन के योनशोपिंग में दूसरी बार यह रेस पूरी की। अब एक वर्ष बाद उन्होंने इटली के चेर्विया में तीसरी बार यह चुनौती पूरी की।

साइकिलिंग, रनिंग, स्विमिंग और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के जरिए सैयामी ने अपने पेशेवर काम के साथ लगातार रेस की तैयारी जारी रखी। उन्होंने बताया कि पहली रेस उनके लिए यह जानने की चुनौती थी कि वह इसे पूरा कर सकती हैं या नहीं, जबकि दूसरी रेस से उन्हें तैयारी और मेहनत की बेहतर समझ मिली। तीसरी रेस में उन्होंने अपने पिछले अनुभवों को साथ लेकर चुनौती का सामना किया।

Also Read : अनिल कपूर ने अपने गेम शो पर खोला कपूर परिवार का राज

सैयामी ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि रेस से पहले दो महीने उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहे। यात्रा के दौरान बाइक बैग से जुड़ी समस्या के कारण उन्हें एयरलाइन के साथ काफी समय तक संपर्क करना पड़ा। इटली पहुंचने के बाद भी करीब 30 डिग्री सेल्सियस तापमान और रेस के दौरान समुद्र में जेलीफिश की मौजूदगी ने चुनौती बढ़ा दी।

उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी पिछली आयरनमैन 70.3 रेस के मुकाबले इस बार करीब 20 मिनट कम समय में रेस पूरी की। सैयामी ने कहा कि इस खेल ने उन्हें यह सिखाया है कि हर परिस्थिति को नियंत्रित नहीं किया जा सकता, लेकिन उनका सामना किस तरह करना है, इसे नियंत्रित किया जा सकता है।

तीसरी बार आयरनमैन 70.3 पूरा करने के बाद सैयामी ने इसे अपनी हैट्रिक बताया और मजाकिया अंदाज में कहा कि अब वह जेल्स की जगह पिज्जा और इलेक्ट्रोलाइट्स की जगह तिरामिसू का आनंद लेंगी।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment