Rahul Gandhi :- कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर विपक्ष की बैठक में शामिल होने से पहले, पार्टी के राज्य मुख्यालय सदाकत आश्रम में पार्टी समर्थकों सहित 10,000 से अधिक लोगों की एक सभा को संबोधित करेंगे। पटना हवाईअड्डे पर उतरने के बाद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे सदाकत आश्रम जाएंगे जहां सभा को संबोधित करेंगे। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व एमएलसी मदन मोहन झा ने इसकी पुष्टि करते हुए आईएएनएस को बताया, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे सदाकत आश्रम आएंगे और फिर 1 अणे रोड पर स्थित मुख्यमंत्री ऑफिस जाएंगे। मदन मोहन झा ने कहा कि हमने अपने नेताओं के स्वागत के लिए इंतजाम किया।
हमने दफ्तर परिसर के भीतर और आसपास इन दोनों नेताओं के विशाल पोस्टर भी लगाए। झा ने आगे कहा कि इस अवसर पर हमारी कोर कमेटी के सदस्य, पार्टी प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, विधायक, एमएलसी और अन्य नेता मौजूद रहेंगे। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी से हमारा मनोबल बढ़ेगा। राहुल गांधी कार्यक्रम के दौरान सभा को संबोधित करेंगे। हमें आश्रम में 10,000 से अधिक लोगों और पार्टी समर्थकों के जुटने की उम्मीद है। गौरतलब है कि सदाकत आश्रम का निर्माण मौलाना मजहर-उल-हक ने 1921 में कराया था। यह अशोक राजपथ पर गंगा के तट पर स्थित है। यह जगह पटना एयरपोर्ट से 7 किमी दूर है। (आईएएनएस)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



