नई दिल्ली। शराब नीति में हुए कथित घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर समन जारी किया। ईडी ने केजरीवाल को पांचवीं बार समन भेजा है और दो फरवरी को पूछताछ के लिए बुलाया है। इससे पहले भेजे गए समन को मुख्यमंत्री केजरीवाल ने गैरकानूनी बताया था और चिट्ठी लिख कर कई सवाल उठाए थे। उनकी पार्टी ने आरोप लगाया था कि भाजपा के कहने पर ईडी समन जारी कर रही है।
ईडी ने इससे पहले 17 जनवरी, तीन जनवरी, 21 दिसंबर और दो नवंबर को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को समन भेजा था, लेकिन वे पेश नहीं हुए। चौथे समन पर केजरीवाल ने कहा था- भाजपा मुझे गिरफ्तार करवाना चाहती है, ताकि मैं लोकसभा चुनाव में प्रचार न कर सकूं। गौरतलब है कि शराब नीति से जुड़े कथित घोटाले में ही दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह जेल में हैं।
इससे पहले ईडी के समन पर केजरीवाल ने 18 जनवरी को कहा था- ईडी ने मुझे चौथा नोटिस भेजकर 18 या 19 जनवरी को पेश होने को कहा है। ये चारों नोटिस अवैध और अमान्य हैं। जब भी ईडी ऐसे नोटिस भेजता है, तो कोर्ट उन्हें निरस्त कर देता है। ये नोटिस और कुछ नहीं, बल्कि राजनीतिक बदला लेने की भावना से की गई कार्रवाई है। उन्होंने कहा था- इस मामले में बीते दो साल से जांच चल रही है, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। मुझे लोकसभा चुनाव से दो महीने पहले क्यों बुलाया गया है? ईडी को भाजपा चला रही है, उनकी नीयत मुझे गिरफ्तार करने की है, ताकि मैं चुनावों में प्रचार न कर सकूं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



