नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनावों की घोषणा से पहले आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को नकद रुपए देने का ऐलान किया है। दिल्ली सरकार महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए देगी। इसे महिला सम्मान योजना नाम दिया गया है। 18 साल की उम्र पूरी करने वाली वैसी महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा, जिनकी सालाना आय ढाई लाख रुपए या उससे कम है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को इसका ऐलान किया। हालांकि दिल्ली सरकार ने इस साल के बजट में इस योजना की घोषणा की थी लेकिन केजरीवाल के जेल चले जाने से यह योजना टल गई थी।
बहरहाल, अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि योजना के लिए गुरुवार, 12 दिसंबर से ही रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएंगे। केजरीवाल ने यह भी कहा कि चुनाव के बाद महिलाओं को हर महीने मिलने वाली रकम को बढ़ाकर 21 सौ रुपए कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से कई राज्यों में सरकारों ने इस किस्म की योजना घोषित करके जीत हासिल की है। झारखंड में इस साल मइया सम्मान योजना के दम पर सत्तारूढ़ जेएमएम ने चुनाव लड़ा था तो महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे सरकार ने माझी लाड़की बहिन योजना के नाम पर चुनाव लड़ा था। दोनों राज्य सरकारों को बड़ी जीत मिली थी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANi


