राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सत्य निकेतन हादसा: रेखा गुप्ता ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार सुबह सत्य निकेतन में इमारत हादसे वाले स्थान का दोबारा दौरा किया और जारी बचाव एवं राहत अभियान का जायजा लिया। रविवार को सत्य निकेतन में एक इमारत गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई थी।

उन्होंने अधिकारियों को मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, हादसे के लिए जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश भी दिए।

घटना के बाद मुख्यमंत्री ने इमारत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज करने और इमारत गिरने के कारणों की जांच के आदेश दिए। श्रीमती गुप्ता कल घटनास्थल पर करीब तीन घंटे तक रही थीं। आज सुबह वह एक बार फिर मौके पर पहुंचीं और जमीनी स्थिति का जायजा लेते हुए विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने दौरे के दौरान बचाव अभियान, सुरक्षा इंतजाम और प्रशासनिक जांच की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाह पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होगी, चाहे उसका प्रभाव या पद कितना भी बड़ा क्यों न हो।

Also Read : नेपाल में विनाशकारी बाढ़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 1,252 हुई, 4216 लापता

मुख्यमंत्री ने बताया कि इमारत मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके अलावा, लापरवाही या अन्य चूक के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को जवाबदेही तय करने और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन या लापरवाही पाए जाने पर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। पुलिस ने इमारत के मालिक और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हादसे से पहले इमारत की स्थिति और उसकी संरचनात्मक स्थिति की भी जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री ने एमसीडी के उन अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कड़ी विभागीय और कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जो लापरवाही, निगरानी में चूक या अन्य अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार पाए जाएंगे।

श्रीमती गुप्ता ने दिल्ली में बनी सभी अवैध पांच मंजिला इमारतों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ऐसी इमारतों की सूची तैयार कर रहा है और प्राथमिकता के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सुरक्षा नियमों के उल्लंघन, लापरवाही या किसी अन्य चूक का पता चलने पर तत्काल कार्रवाई और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा उपाय करने, संभावित रूप से असुरक्षित इमारतों की पहचान करने और बिना देरी उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। दिल्ली में शुरू होने वाला यह व्यापक निरीक्षण अभियान संरचनात्मक सुरक्षा जांच को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खासतौर पर उन इमारतों और प्रतिष्ठानों की जांच पर जोर रहेगा, जहां बड़ी संख्या में लोग रहते हैं, पढ़ते हैं, काम करते हैं या आवश्यक सेवाओं के लिए पहुंचते हैं।

Pic Credit : ANI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment

और पढ़ें