अहमदाबाद। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में सीट बंटवारे को लेकर अभी तक आधिकारिक रूप से बातचीत नहीं शुरू हुई है लेकिन आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की घोषणा शुरू कर दी। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुजरात के दौरे पर पहुंचे हैं और गुजरात की भरूच सीट से अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। केजरीवाल ने नेत्रांग में जनसभा के दौरान ऐलान किया कि गुजरात की देदियापाड़ा विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक चैतर वसावा भरूच से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे।
गौरतलब है कि आदिवासी समाज से आने वाले चैतर वसावा वन विभाग से जुड़े एक मामले में इस समय जेल में बंद हैं। इससे पहले जदयू ने भी अरुणाचल प्रदेश से अपने एक उम्मीदवार का ऐलान किया था। बहरहाल, रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा- भाजपा ने चैतर वसावा को गिरफ्तार कर लिया, आदिवासी समाज के नेता को गिरफ्तार कर लिया। वो हमारे छोटे भाई जैसा है। लेकिन सबसे दुख की बात यह है कि उनकी पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया। शकुंतला बेन चैतर वसावा की पत्नी हैं, लेकिन हमारे समाज की बहू हैं। यह पूरे आदिवासी समाज के लिए अपमान की बात है।
केजरीवाल ने अपने दिल्ली मॉडल का जिक्र करते हुए कहा- दिल्ली में हमने सबका इलाज मुफ्त किया है। गुजरात में भी ऐसा होना चाहिए। आदिवासी समाज के लिए केंद्र और गुजरात सरकार से करोड़ों पैसा आता है लेकिन लोगों को इसका लाभ नहीं मिलता है। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- यह लड़ाई वसावा की नहीं आपकी है, आपके मान सम्मान की लड़ाई है। अगर आज चुप रहे, बैठे रहे तो भाजपा वालों के हौसले बुलंद हो जाएंगे। गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को करीब 13 फीसदी वोट मिले थे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


