नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में दिग्गज नेता चुनाव हार गए। नायब सिंह सैनी सरकार के 10 में से आठ मंत्री चुनाव हार गए। विधानसभा के स्पीकर भी चुनाव हार गए। सैनी के अलावा सिर्फ दो ही मंत्री चुनाव जीत पाए। पार्टी ने चार मंत्रियों की टिकट पहले ही काट दी थी। हरियाणा में आए अप्रत्याशित चुनाव नतीजों में आदमपुर सीट पर भजनलाल के पोते भव्य बिश्नोई चुनाव हार गए। पहली बार भजनलाल के परिवार का कोई सदस्य आदमपुर सीट पर हारा है। ओलंपियन पहलवान विनेश फोगाट जुलाना सीट से जीत गई हैं।
सैनी सरकार के जीतने वाले मंत्रियों में पानीपत ग्रामीण सीट से राज्यमंत्री महिपाल ढांडा और बल्लभगढ़ सीट से कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा शामिल हैं। पंचकूला में स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बड़े बेटे और कांग्रेस उम्मीदवार चंद्रमोहन बिश्नोई ने हराया। नूंह में राज्यमंत्री संजय सिंह हार गए। जगाधरी में कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर हार गए और हिसार में कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता तीसरे नंबर पर रहे। वहां निर्दलीय चुनाव लड़ीं देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने जीत दर्ज की। रानियां में भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे मंत्री रणजीत चौटाला भी चुनाव हार गए। वहां इनेलो और बसपा गठबंधन के उम्मीदवार और अभय चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला जीते। पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला उचाना कला सीट से चुनाव हार गए।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: UNI


