Thursday

19-06-2025 Vol 19

हरियाणा में विजयादशमी के बाद नई सरकार

397 Views

नई दिल्ली। हरियाणा में पहले कहा जा रहा था कि विजयादशमी के दिन यानी 12 अक्टूबर को नई सरकार शपथ लेगी लेकिन अब प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने साफ कर दिया है कि विजयादशमी के बाद नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। जानकार सूत्रों का कहना है कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की तर्ज पर भाजपा दो उप मुख्यमंत्री बना सकती है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ही होंगे। इस बीच हरियाणा के तीन निर्दलीय विधायकों ने भाजपा को समर्थन दिया है, जिसके बाद भाजपा के विधायकों की संख्या 51 हो गई है।

बहरहाल, नतीजे आने के एक दिन बाद बुधवार को कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सैनी दिल्ली पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। वे हरियाणा चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से भी मिले। प्रदेश अध्यक्ष मोहन बड़ौली भी उनके साथ मौजूद रहे। सैनी ने कहा- प्रदेश में नया मुख्यमंत्री और शपथ ग्रहण के बारे में संसदीय बोर्ड तय करेगा। मैंने अपनी ड्यूटी निभा दी है।

दिल्ली में बड़ौली ने मीडिया से बात करते हुए कहा- हम यहां सीएम चेहरा और शपथ पर कोई चर्चा नहीं कर रहे हैं। यह सब दशहरे के बाद तय किया जाएगा। सीएम चुनने के लिए दशहरे के बाद मीटिंग होगी। इस बीच हरियाणा में चुनाव जीते तीनों निर्दलीय विधायकों ने भाजपा को समर्थन दे दिया है। पहले गन्नौर से देवेंद्र कादियान और बहादुरगढ़ से राजेश जून और फिर हिसार से सावित्री जिंदल दिल्ली पहुंची। जहां उनकी हरियाणा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह प्रभारी बिप्लब देब और प्रदेश अध्यक्ष मोहन बड़ौली से मुलाकात हुई। इनके समर्थन के बाद अब प्रदेश में भाजपा के पास सरकार के लिए विधायकों की संख्या 51 हो जाएगी। भाजपा ने 48 सीटों पर चुनाव जीता है। कादियान और सावित्री जिंदल ने टिकट न मिलने पर भाजपा से बगावत की थी। वहीं राजेश जून ने कांग्रेस से टिकट न मिलने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ा था।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *