कोलकाता। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन दो दिन दिल्ली में बिताने के बाद वापस लौट गए हैं। वे कोलकाता से होकर दिल्ली आए थे और मंगलवार को फिर कोलकाता लौट गए। इसके साथ ही उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर भी विराम लग गया। उन्होंने खुद को झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ बताते हुए इस बात पर हैरानी जताई कि उनके पार्टी छोड़ने की बात पता नहीं कौन फैला रहा है।
जेएमएम में अपमानित होने के सवाल पर उन्होंने कोलकाता हवाईअड्डे पर कहा- हम अपना विचार दे चुके हैं, उसे दोहराना नहीं चाहते है। थोड़ा इंतजार कीजिए। इससे पहले भाजपा में शामिल होने के सवाल पर मंगलवार को दिल्ली हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा- मेरी किसी से मुलाकात नहीं हुई। मैं यहां किसी निजी काम से आया था। भाजपा नेताओं से मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा- मैं उनसे मिलना नहीं चाहता था। भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर उन्होंने कहा- मैं यह नहीं समझ पा रहा हूं कि यह सब कौन कह रहा है?
इस बीच मंगलवार को विधायक समीर मोहंती और रामदास सोरेन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और कहा- हम जेएमएम में थे, हैं और आगे भी रहेंगे। यहां से कहीं नहीं जा रहे हैं। हेमंत सोरेन और शिबू सोरेन का हाथ मजबूत करेंगे। गौरतलब है कि चंपई रविवार दोपहर करीब एक बजे दिल्ली पहुंचे थे। शुक्रवार से उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। रविवार की शाम को उन्होंने एक लेटर जारी किया जिसमें पार्टी छोड़ने के संकेत दिए। उन्होंने इसमें कहा था- मेरे पास अब तीन ऑप्शन हैं- संन्यास लूं, नया संगठन बनाऊं या किसी के साथ चल दूं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


