Jyotiraditya Scindia :- केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए झूठ का सहारा लेती है। सिंधिया ने मध्यप्रदेश के विंध्य अंचल के नवनिर्मित मैहर जिला मुख्यालय पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब राज्य में कांग्रेस का राज था, तब जनता बिजली, पानी, सड़क तक के लिए परेशान थी। सिंचाई के लिए भी पानी नहीं मिलता था। भाजपा नेता श्री सिंधिया ने कहा कि अब कांग्रेस फिर से सत्ता में आने के लिए झूठ का सहारा ले रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता किसानों के कर्जमाफी की बात करते हैं, लेकिन वास्तव में उसका यह वादा फर्जी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता टिकट वितरण के बाद एक दूसरे के कपड़े फाड़ने की बात भी करते हुए सुने जा रहे हैं। सिंधिया ने अपनी दादी एवं दिवंगत राजमाता विजयाराजे सिंधिया का जिक्र करते हुए कहा कि उनका विंध्य अंचल से नाता रहा है और वे अक्सर इस अंचल में आती थीं। उन्होंने कहा कि इसी तरह जब उनके पिता दिवंगत माधवराव सिंधिया जब रेल मंत्री थे, तब मैहर रेलवे स्टेशन का विस्तार हुआ था। (वार्ता)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



