मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में महायुति गठबंधन की रैली को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस पर जम कर निशाना साधा और कहा कि अगर महात्मा गांधी की सलाह पर आजादी के बाद कांग्रेस को भंग कर दिया गया होता तो देश आज देश पांच दशक आगे होता। उन्होंने कहा कि भारत किसी से कम नहीं था लेकिन अनेक देश भारत से आगे निकल गए। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने यहां बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे शिवाजी पार्क में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- मुंबई शहर केवल सपने नहीं देखता, उन्हें जीता है। सपनों के शहर में मैं 2047 के सपने के साथ आया हूं। मेरा ये सपना विकसित भारत का सपना है। मुंबई इसमें बड़ा रोल अदा करने वाला है। उन्होंने कहा- जबसे आपने सेवक को काम दिया, 10 साल में आज देश दुनिया की 5वीं आर्थिक ताकत बनकर खड़ा है। आज भारत में, मुंबई में रिकॉर्ड इन्वेस्टमेंट आ रहा है और मेरी गारंटी है कि कुछ ही सालों में हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बन जाएंगे।
मुंबई पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश के बाराबंकी, फतेहपुर और हमीरपुर में रैलियां कीं। हमीरपुर में मोदी ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल कांग्रेस और सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आपकी संपत्ति को अपने वोट बैंक में ट्रांसफर कर संविधान को बदलना चाहती है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि वह वोट जिहाद में लगी हुई है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


