बेंगलुरू। पहलगाम में हुए हमले और उसके बाद आतंकी ठिकानों पर सेना की कार्रवाई के मामले में ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस अब खुल कर सरकार के खिलाफ खड़ी हो गई है। उसका समर्थन समाप्त हो गया है। कांग्रेस अब हर मसले पर लड़ रही है। पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी की अब तक की विदेश यात्राओं की खिल्ली उड़ाई। उन्होंने कहा कि मोदी ने 11 सालों में 72 देशों के 151 विदेशी दौरे किए, जिनमें 10 बार अमेरिका भी गए, लेकिन इन दौरों का कोई फायदा भारत को नहीं मिला।
खड़गे ने कहा, ‘अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार कह चुके हैं कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर करवाया। यह हमारे देश का अपमान है और मोदी सरकार ने अब तक इस पर कोई सफाई नहीं दी है’। खड़गे ने पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत के लिए भी केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कर्नाटक के विजयनगर में कहा, ‘पहलगाम में हमारे 26 लोग मारे गए, क्योंकि मोदी सरकार ने वहां पर्यटकों को सुरक्षा नहीं दी। पीएम मोदी कश्मीर इसलिए नहीं गए, क्योंकि इंटेलिजेंस एजेंसियों ने उन्हें वहां जाने से मना किया था। आपने टूरिस्ट्स से पहलगाम जाने से मना क्यों नहीं किया’?
Also Read: मुर्शिदाबाद हिंसा में हाई कोर्ट की कमेटी का खुलासा
Pic Credit: ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



