इम्फाल। मणिपुर की राजधानी इम्फाल में पुलिस ने बुधवार को दो शव बरामद किए, जिसके बाद कई इलाकों में तनाव बढ़ गया है। इस बीच प्रशासन ने इंटरनेट पर पाबंदी 13 नवंबर तक बढ़ा दी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि राजधानी में मिले दो में से एक शव महिला का है। महिला का शव ताइरेनपोकपी इलाके के आसपास मिला। इससे पहले मंगलवार को इम्फाल पूर्वी जिले के ताखोक मापल माखा इलाके में एक पुरुष की का शव मिला, जिसकी उम्र लगभग 40 साल बताई जा रही है। पुलिस ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, मरने वालों की आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी और हाथ पीठ के पीछे बंधे हुए थे और सिर पर गोली के निशान थे। पुलिस ने कहा- महिला उन चार लापता लोगों में से एक है, जिन्हें सात नवंबर को इम्फाल पश्चिम जिले के कांगचुप तलहटी से अगवा कर लिया गया था। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में कांग्चुप चिंगखोंग गांव के पास सात नवंबर को एक चेक प्वाइंट पर मैती लोगों की भीड़ ने एक गाड़ी रोककर उसमें सवार चार कुकी लोगों को अगवा कर लिया था।
अगवा किए गए लोगों में से तीन लोग एक सैनिक के परिवार के हैं। इनमें सैनिक की मां भी शामिल है। जैसे ही लोगों के अगवा होने की खबर फैली, कुछ कुकी लोग हथियार के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और कांग्चुप की तरफ फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में दो पुलिसकर्मियों और एक महिला समेत नौ लोग घायल हो गए। इससे पहले मैती समुदाय के लोगों को अगवा किया गया था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


