इम्फाल। मणिपुर के थौबल में, जहां पांच दिन पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू हुई थी, वहां उपद्रवियों ने पुलिस मुख्यालय पर हमला कर दिया। बुधवार की रात को हुए इस हमले में उपद्रवियों ने पुलिस के ऊपर फायरिंग की, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक दिन पहले ही उपद्रवियों के हमले में दो पुलिसकर्मियों सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी और तीन पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
बुधवार की रात को हुए हमले के बारे में पुलिस ने बताया कि भीड़ ने पहले पुलिस मुख्यालय में घुसने की कोशिश की थी। जब पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया, तो भीड़ के बीच से कुछ उपद्रवियों ने फायरिंग कर दी। घायल जवानों की पहचान कांस्टेबल गौरव कुमार, एएसआई सोबराम सिंह और एएसआई रामजी के तौर पर हुई है। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इससे पहले भीड़ ने खंगाबोक के इंडियन रिजर्व बटालियन पर हमला किया था, जहां से सुरक्षा बलों ने उपद्रवी भीड़ को खदेड़ दिया था। घटना के बाद जिला प्रशासन ने थौबल में कर्फ्यू लगा दिया है। हालांकि स्वास्थ्य, मीडिया सहित जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों और कोर्ट के कामकाज में शामिल लोगों समेत हवाईअड्डों पर जाने वाले यात्रियों को कर्फ्यू के दायरे से छूट दी गई है। इससे पहले बुधवार सुबह म्यांमार सीमा से लगे टेंगनौपाल जिले के मोरेह गांव में भारी हथियारों से लैस उग्रवादियों ने सुरक्षा बलों की गाड़ी पर हमला कर दिया था। इसमें दो जवानों सहित एक कुकी समुदाय की महिला की मौत हो गई थी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



