nayaindia Rahul Gandhi Bharat Jodo Nyay Yatra राहुल की यात्रा अब थौबल से होगी
मणिपुर

राहुल की यात्रा अब थौबल से होगी

ByNI Desk,
Share

इम्फाल/नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत अब मणिपुर की राजधानी इम्फाल की बजाय थौबल से होगी। कांग्रेस ने शुक्रवार को बताया कि राजधानी इम्फाल से करीब 35 किलोमीटर दूर थौबल से राहुल गांधी की यात्रा शुरू होगी। कांग्रेस ने इस हिंसाग्रस्त राज्य की सरकार की ओर से लगाई गई शर्तों की वजह से ये बदलाव किया है। राज्य सरकार ने यात्रा में एक हजार लोगों के शामिल होने की ही अनुमति दी थी। कांग्रेस ने इन शर्तों की वजह से जगह में बदलाव किया है।

मणिपुर के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र ने कहा- हमने दो जनवरी को जिला प्रशासन से इम्फाल के हप्ता कांगजेइबुंग मैदान से यात्रा शुरू करने की अनुमति मांगी थी। कानून व्यवस्था का हवाला देकर पहले इससे इनकार कर दिया गया। 10 जनवरी को मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद कुछ शर्तों के साथ इसकी अनुमति मिली। मेघचंद्र ने कहा कि राज्य कांग्रेस की एक टीम ने फिर से पुलिस महानिदेशक राजीव सिंह और इम्फाल पूर्व के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में मुख्य सचिव विनीत जोशी से मुलाकात की थी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर एक हजार से अधिक लोगों को अनुमति नहीं दी जाएगी।

मेघचंद्र ने कहा- शर्तें हमारे लिए चिंताजनक थीं। 10 जनवरी को देर रात थौबल जिले के डिप्टी कमिश्नर ने खोंगजोम के प्राइवेट ग्राउंड से यात्रा की अनुमति दी। इसके बाद हमने जगह बदलने का फैसला किया। गौरतलसब है कि 14 जनवरी को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे यहीं से यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। रूट में कोई बदलाव नहीं होगा।

यात्रा शुरू होने से दो दिन पहले शुक्रवार, 12 जनवरी को राहुल गांधी ने दिल्ली में सिविल सोसायटी ऑर्गेनाइजेशन्स और पीपुल्स मूवमेंट्स के लोगों से मुलाकात की। राहुल ने मीटिंग के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और आरएसएस के ‘अन्याय से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास के महत्व’ पर जोर दिया। इस दौरान कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी मौजूद थे। गौरतलब है कि अपनी पहली भारत जोड़ो यात्रा से पहले भी राहुल ने गैर सरकारी संगठनों से मुलाकात की थी।
यात्रा का गाना जारी हुआ

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत से दो दिन पहले शुक्रवार, 12 जनवरी को कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक गाना रिलीज किया। कांग्रेस ने कहा कि वह न्याय के लिए हर दरवाजे पर दस्तक देगी। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के इस गाने को अपने एक्स हैंडल पर भी शेयर किया है।

राहुल गांधी ने लिखा है- जब तक लोगों को न्याय नहीं मिल जाता, हम हर दरवाजा खटखटाएंगे। हर गली, हर मोहल्ले और संसद पर तब तक दस्तक देंगे, जब तक लोगों को न्याय नहीं मिल जाता। सहो मत…डरो मत! कांग्रेस ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के गीत में इसके अलावा यौन उत्पीड़न को लेकर महिला पहलवानों के प्रदर्शन, कोरोना काल में सामूहिक दाह संस्कार, निलंबन के खिलाफ सांसदों के विरोध प्रदर्शन को हाईलाइट किया है। इसके साथ ही सूचना के अधिकार और शिक्षा के अधिकार सहित कांग्रेस सरकार की कई योजनाओं का जिक्र भी किया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Naya India स्क्रॉल करें