प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार की एकदिवसीय यात्रा पर पहुंचे। पीएम मोदी समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कर्पूरी के पुत्र रामनाथ ठाकुर भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के परिजनों से बातचीत की और उनकी एक-एक चीजों को देखा और समझा। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कलाकारों से भी बातचीत की।
उल्लेखनीय है कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने ही कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ दिया। कर्पूरी ठाकुर, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रमुख समाजवादी नेता थे। वे सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए स्मरणीय हैं। कर्पूरी ठाकुर की आरक्षण और सामाजिक कल्याण संबंधी नीतियों का बिहार पर स्थायी प्रभाव रहा है।
Also Read : आरजेडी के जंगलराज ने पीढ़ियों को बर्बाद किया : पीएम मोदी
कर्पूरी ठाकुर एक स्वतंत्रता सेनानी, दूरदर्शी राजनेता तथा किसानों, महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों के हितैषी थे। जनहित के कार्यों के कारण जनमानस उन्हें ‘जननायक’ कहकर पुकारती है। उनका जीवन लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने और भारत के संविधान में निहित स्वतंत्रता, समानता और भ्रातृत्व के सिद्धांतों को व्यवहार में उतारने के अथक प्रयास की मिसाल है।
कर्पूरी ठाकुर का जन्म 24 जनवरी 1924 को बिहार के दरभंगा (समस्तीपुर) जिले के पीतौंझिया (अब कर्पूरी ग्राम) में सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक रूप से पिछड़े परिवार में हुआ।
पीएम मोदी ने शुक्रवार को बिहार में दो विशाल जनसभाओं को संबोधित करने वाले हैं। उनकी पहली सभा समस्तीपुर के पुलिस लाइन मैदान, दुधपुरा में होगी और दूसरी सभा बेगूसराय के उलाव हवाई अड्डा मैदान में होगी। जनसभा में बड़ी संख्या में लोग पहुंच चुके हैं।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों (6 और 11 नवंबर) में होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



