समाजवादी पार्टी (सपा) को उत्तर प्रदेश में बुधवार को एक और राजनीतिक झटका लगा, जब बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद चौधरी और बांदा के सपा नेता अनिल यादव अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह तथा परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह की मौजूदगी में दोनों नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें पार्टी का सदस्य बनाकर भाजपा परिवार में स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ता सर्वोपरि है। पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता के परिश्रम, समर्पण और योगदान को सम्मान मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों नेताओं के पार्टी में शामिल होने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले लगभग 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को धरातल पर उतारा है। गरीब कल्याण, आधारभूत ढांचे के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए बिना भेदभाव के काम किया गया है। भाजपा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है।
Also Read : कुलगाम में सुरक्षा बलों के नाके पर आतंकवादी हमला
उन्होंने देश में अराजकता फैलाने के कथित प्रयासों पर चिंता जताते हुए कहा कि कुछ शक्तियां लोकतांत्रिक वातावरण को प्रभावित कर भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भारत को बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसी परिस्थितियों की ओर धकेलने तथा देश में तख्तापलट जैसी स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने देशवासियों से ऐसे प्रयासों के प्रति सजग रहने की अपील की।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है। देश के नौजवानों और जागरूक जनता ने अराजकता फैलाने तथा माहौल खराब करने के प्रयासों का जवाब दिया है। आगामी चुनाव केवल किसी व्यक्ति की जीत या सरकार बनाने का चुनाव नहीं, बल्कि देश की स्थिरता, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का भी विषय है। देश को अस्थिर करने वाली शक्तियों के मंसूबों को विफल करना सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को लेकर संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रतिबद्धता से काम कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भयमुक्त वातावरण में विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
इस मौके पर प्रदेश मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल, प्रदेश मीडिया संयोजक मनीष दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं के समर्थक मौजूद रहे।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



