लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में तीन खालिस्तानी आतंकवादी पुलिस मुठभेड़ में मारे गए हैं। उत्तर प्रदेश और पंजाब पुलिस ने सोमवार को तड़के यह साझा अभियान में इन आतंकवादियों को मार गिराया। सभी आतंकवादी खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के सदस्य थे। इन्होंने 19 दिसंबर को पंजाब के गुरदासपुर जिले में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड से हमला किया था। आतंकवादियों के पास से दो एके 47 राइफल, दो ग्लॉक पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए।
मारे गए तीनों आतंकवादी गुरदासपुर के रहने वाले हैं। इनके नाम गुरविंदर सिंह, वीरेंद्र सिंह उर्फ रवि और जसप्रीत सिंह उर्फ प्रताप सिंह हैं। बताया गया है कि मुठभेड़ पीलीभीत के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में हुई। गोली लगने के बाद तीनों घायलों को पूरनपुर स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। पीलीभीत के एसपी अविनाश पांडेय ने इसकी जानकारी देते हुए कहा, ‘सोमवार सुबह पंजाब की गुरदासपुर पुलिस की टीम थाना पूरनपुर पहुंची। सूचना दी कि उनके यहां कुछ दिन पहले गुरदासपुर में बख्शीवाल पुलिस चौकी पर खालिस्तानी आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला किया था। उनके पूरनपुर क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली थी। तुरंत पूरे जिले की नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की गई’। उन्होंने कहा कि एक बाइक पर तीन संदिग्धों के जाने की सूचना मिली तो पुलिस ने उनकी लोकेशन लेकर उनका पीछा किया। हालांकि पुलिस उनको जिंदा गिरफ्तार करने में नाकाम रही।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


