nayaindia Atishi Saurabh आतिशी शिक्षा और सौरभ स्वास्थ्य मंत्री बने

आतिशी शिक्षा और सौरभ स्वास्थ्य मंत्री बने

नई दिल्ली। भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बंद दिल्ली सरकार के दो मंत्रियों की जगह नए मंत्रियों को शपथ दिला दी गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी के बाद आतिशी सिंह और सौरभ भारद्वाज को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। अरविंद केजरीवाल सरकार में शामिल हुए दोनों नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम गुरुवार को राजभवन में आयोजित हुआ। इस मौके पर दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री और उनकी कैबिनेट के अन्‍य सदस्‍य भी मौजूद थे।

मंत्रियों के शपथ लेने के साथ ही उनके विभागों का बंटवारा कर दिया गया। आतिशी दिल्ली की नई शिक्षा मंत्री होंगी। शिक्षा के अलावा वे ऊर्जा और पर्यटन विभाग भी संभालेंगी। दूसरी ओर, सौरभ भारद्वाज दिल्ली के नए स्वास्थ्य मंत्री होंगे। वे स्वास्थ्य, शहरी विकास, पानी और उद्योग विभाग संभालेंगे। भारद्वाज, इससे पहले अरविंद केजरीवाल की 49 दिन की पहली सरकार में परिवहन मंत्री रह चुके हैं। आतिशी, शिक्षा मंत्रालय में मनीष सिसोदिया की सलाहकार रही हैं।

गौरतलब है कि मनीष सिसोदिया उप मुख्यमंत्री थे और आधिकारिक रूप से सरकार में नंबर दो थे। लेकिन अब कोई उप मुख्यमंत्री नहीं बनेगा और किसी मंत्री का दर्जा नंबर दो मंत्री का नहीं होगा। सिसोदिया के पास दिल्ली के 33 में से 18 विभाग थे। सत्येंद्र जैन के जेल जाने के बाद जैन के मंत्रालय भी उनको ही सौंप दिए गए थे। उनके पास वित्त मंत्रालय भी था। यह अहम विभाग कैलाश गहलोत के पास ही रहने की संभावना है। वे दिल्ली सरकार का अगला बजट पेश करेंगे।

बहरहाल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सिफारिश पर सौरभ भारद्वाज और आतिशी को दिल्ली कैबिनेट में मंत्री नियुक्त किया था।  इससे पहले राष्ट्रपति ने आप सरकार के स्वास्थ्य मंत्री रहे सत्येंद्र जैन और उप मुख्यमंत्री रहे मनीष सिसोदिया का इस्तीफा मंजूर कर लिया था। मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन दोनों इस समय भ्रष्टाचार के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद हैं।

Tags :

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें