nayaindia Modi government Congress मोदी सरकार से कांग्रेस ने पूछे नौ सवाल
सर्वजन पेंशन योजना
ताजा पोस्ट

मोदी सरकार से कांग्रेस ने पूछे नौ सवाल

ByNI Desk,
Share

नई दिल्ली। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के नौ साल पूरे करने के मौके पर कांग्रेस ने भाजपा ने नौ सवाल पूछे। कांग्रेस ने ‘9 साल, 9 सवाल’ नाम से एक दस्तावेज जारी किया है। कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी ने ये नौ सवाल भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कई बार उठाए। लेकिन आज तक कोई जवाब नहीं मिला। अब समय आ गया है कि प्रधानमंत्री इन पर चुप्पी तोड़ें।

इसमें सबसे पहला सवाल अर्थव्यवस्था को लेकर है। कांग्रेस ने पूछा है कि ऐसा क्यों है कि भारत में महंगाई और बेरोजगारी आसमान छू रही है? अमीर और अमीर, गरीब और गरीब क्यों हो गए हैं? आर्थिक असमानता बढ़ने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी के दोस्तों को सार्वजनिक संपत्ति क्यों बेची जा रही है? दूसरा सवाल कृषि व किसानों से जुड़ा है। कांग्रेस ने पूछा है कि ऐसा क्यों है कि तीन काले कृषि कानूनों को रद्द करते समय किसानों से किए गए समझौतों का सम्मान नहीं किया गया और एमएसपी की कानूनी गारंटी क्यों नहीं दी गई? पिछले नौ सालों में किसानों की आय दोगुनी क्यों नहीं हुई?

इसके अलावा कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद का मुद्दा उठा कर अडानी को फायदा पहुंचाने पर सवाल पूछा है। राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में कांग्रेस ने पूछा है कि ऐसा क्यों है कि चीन को लाल आंख दिखाने की बात करने वाले प्रधानमंत्री ने उसे 2020 में क्लीन चिट दे दी, जबकि वह आज भी हमारी जमीन पर कब्जा करके बैठा है? कांग्रेस ने सामाजिक सद्भाव बिगड़ने का आरोप भी लगाया है और यह भी पूछा है कि ऐसा क्यों है कि आपकी सरकार सामाजिक न्याय की नींव को व्यवस्थित रूप से नष्ट कर रही है?

कांग्रेस ने लोकतंत्र और संघवाद को कमजोर करने के बारे में सवाल पूछा है तो साथ ही विपक्षी दलों और नेताओं से बदले की राजनीतिपर भी सवाल पूछा है। कांग्रेस ने जन कल्याण की योजनाओं को कमजोर करने के बारे में सवाल पूछा है तो कोरोना महामारी के समय खराब प्रबंधन के बारे में भी सवाल पूछा है।

कांग्रेस के सवालों पर भाजपा ने दिया जवाब

कांग्रेस की ओर से मोदी सरकार से नौ सवाल पूछे जाने के बाद भाजपा ने इनका जवाब दिया। भाजपा ने अर्थव्यवस्था के बारे में कहा कि भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। भाजपा ने यह भी दावा किया कि दुनिया मानती है कि भारत ने सबसे अच्छे तरीके से कोरोना का प्रबंधन किया। कांग्रेस के सवालों का जवाब देने के साथ ही भाजपा ने कांग्रेस को उसके शासन काल के कथित भ्रष्टाचार की याद भी दिलाई।

कांग्रेस के सवालों का जवाब देने उतरे पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भाजपा मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में कहा- कांग्रेस पार्टी द्वारा मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर नौ सवाल पूछे गए हैं। पहले तो मन में विचार आया कि इसे नजरअंदाज किया जाए, लेकिन वह झूठ का इतना बड़ा पुलिंदा है कि चीजें स्पष्ट करना जरूरी था।

उन्होंने कहा- कांग्रेस पार्टी के द्वारा जो सवाल किए गए हैं वो सवाल नहीं हैं, बल्कि कांग्रेस पार्टी की खीझ दर्शाते हैं, जो नरेंद्र मोदी के खिलाफ नफरत से उपजी है। जिस कोरोना महामारी के प्रबंधन को लेकर भारत की दुनिया भर में सराहना हुई, उस पर सवाल उठाना बेशर्मी की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस करप्शन पर सवाल पूछ रही है, जिसके शासनकाल में 2जी घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, आदर्श घोटाला, बोफोर्स, अंतरिक्ष घोटाला, हेलीकॉप्टर घोटाला जैसे कितने बड़े-बड़े घोटाले हुए।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

six + 4 =

और पढ़ें

Naya India स्क्रॉल करें